बीजिंग: चीन में रोगियों और उनके परजिनों के बढ़ते हमलों के विरोध में करीब छह लाख डॉक्टरों ने एक ऑनलाइन याचिका पर दस्तखत किए हैं। याचिका में चिकित्सा कर्मियों के खिलाफ इस तरह की हिंसा पर अंकुश लगाए जाने का आह्वान किया गया है। चीन के गुआंगडोंग प्रांत में बुधवार को एक रोगी के हमले में एक महिला डॉक्टर के घायल होने के बाद यह अभियान शुरू किया गया है।
प्रांत के हुइझोउ शहर की पुलिस ने कल कहा कि लिआओ नाम के आरोपी ने लांगमेन काउंटी पीपुल्स हॉस्पिटल की डॉक्टर ओउ लीझी पर हमले की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस के अनुसार लिआओ बुधवार को डॉ. ओउ से मिलने अस्पताल गया था जिनके पास सिरदर्द को लेकर उसका उपचार चल रहा है।
शिन्हुआ समाचार एजेंसी ने आज खबर दी कि ओउ ने उसे ओपीडी में जाने को कहा क्योंकि वह ड्यूटी पर नहीं थीं। इसके बाद लिआओ गुस्से में आ गया और डॉक्टर पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गईं। लिआओ ने कहा कि वह डॉक्टर से नफरत करता था क्योंकि उसे लगता है कि डॉक्टर ने जो दवाएं उसके लिए लिखीं, वे उसके सिरदर्द के लिए जिम्मेदार हैं।
चिकित्साकर्मियों पर बढ़ते हमलों से लोगों, खासकर चिकित्सा क्षेत्र के लोगों में रोष है। कल तक सोशल मीडिया अभियान से जुड़कर छह लाख से अधिक डॉक्टर ऑनलाइन याचिका पर हस्ताक्षर कर चुके थे।