ढाका: पांच भारतीय बच्चों के अपहरण के आरोप में एक भारतीय महिला और उसके बांग्लादेशी पति को गिरफ्तार किया गया है। नोआखाली जिला के पुलिस प्रमुख इलियास शरीफ ने बताया, त्रिपुरा से ताल्लुक रखने वाली और एक बांग्लादेशी से ब्याही महिला ने पांच भारतीय बच्चों की तस्करी की हमने दो दिन पहले उनपर निगाह रखी और फिर कल रात उन्हें गिरफ्तार किया। अपहृत बच्चे त्रिपुरा के हैं और उनकी उम्र 3 से 12 साल के बीच है। उन्हें सरकार के समाज कल्याण विभाग के एक केन्द्र में भेजा गया है। बहारूल्ला और उसकी पत्नी रेहाना बेगम को पुलिस हिरासत में रखा गया है।
शरीफ ने कहा कि बच्चों ने पुलिस को बताया कि 45 वर्षीया महिला ने उन्हें बांग्लादेश की यात्रा करने और यहां दुर्गा पूजा एवं अन्य त्योहार देखने का लालच दिया था। इस बीच, एक अधिकारी ने बताया कि दंपति की गिरफ्तारी के बाद नोआखोली जिले के अधिकारियों ने भारतीय अधिकारियों से संपर्क किया। त्रिपुरा के राधाकृष्णा पुलिस थाने ने पुष्टि की है कि उसके क्षेत्र से पांच बच्चों का अपहरण हुआ है। अधिकारी ने बताया, हमने एक अपहृत लड़के के पिता से फोन से संपर्क किया और उन्हें खबर की कि उनका बेटा और अन्य बच्चे बांग्लादेश में सुरक्षित संरक्षण में हैं।