1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. अटक में फिदाई हमले में मरने वालों की संख्या 20 हुई

अटक में फिदाई हमले में मरने वालों की संख्या 20 हुई

 Written By: Bhasha
 Published : Aug 17, 2015 02:34 pm IST,  Updated : Aug 17, 2015 02:34 pm IST

लाहौर: पाकिस्तान के अटक जिले में फिदाई हमले में मरने वालों की तादाद बढ़ कर 20 हो गई। कल हुए इस हमले में पंजाब प्रांत के गृह मंत्री शुजा खानजादा की भी मौत हो गई

अटक में फिदाई हमले में...- India TV Hindi
अटक में फिदाई हमले में मरने वालों की संख्या 20 हुई

लाहौर: पाकिस्तान के अटक जिले में फिदाई हमले में मरने वालों की तादाद बढ़ कर 20 हो गई। कल हुए इस हमले में पंजाब प्रांत के गृह मंत्री शुजा खानजादा की भी मौत हो गई थी। राजधानी इस्लामाबाद से करीब एक सौ किलोमीटर दूर अटक जिले के शादी खान में दो फिदाई हमलावरों ने 71 वर्षीय खानजादा के राजनीतिक कार्यालय पर कल हमला किया जिसमें उनकी और एक डीएसपी समेत 20 लोगों की मौत हो गई।

कार्यालय के हॉल में गृहमंत्री तीन से चार दर्जन लोगों के साथ बैठे थे। फिदाई हमले में हॉल की छत ढह गई और लोग मलबे में दब गए। पंजाब आपात विभाग रेस्क्यू 1122 की प्रवक्ता दीबा शहनाज ने पीटीआई-भाषा को बताया, अटक विस्फोट में मृत्यु संख्या बढ़ कर 20 हो गई। अभी बचाव अभियान पूरा नहीं हुआ है। तकरीबन 17 घायलों को इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भेजा गया है। दीबा ने बताया कि बचाव दल अभी मलबा हटाने में लगा है। उन्होंने कहा, मलबे के नीचे और भी लोग दबे हो सकते हैं। पंजाब पुलिस के महानिरीक्षक आईजी मुश्ताक सुखेरा ने कहा कि दो फिदाई हमलावरों ने हमले को अंजाम दिया। सुखेरा ने कहा, फिदाई हमलावर दो थे - एक चहारदीवारी के बाहर खड़ा रहा और दूसरा मंत्री के आने से पहले से ही हॉल में मौजूद था।

सुखेरा ने कहा, जब मंत्री हॉल में दाखिल हुए और वहां मौजूद लोगों से मिलने-जुलने लगे, दोनों हमलावरों ने विस्फोट कर खुद को उड़ा लिया। बाहर खड़े हमलावर के विस्फोट की वजह से इमारत की छत ढह गई जिसमें मंत्री और वहां जमा दूसरे लोग दब गये। रिपोर्टों के अनुसार लश्कर-ए-झंगवी, तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान और जमात-उल-अहरार ने इस हमले में अपना हाथ होने का दावा किया है। खानजादा को अल-कायदा से भी धमकियां मिली थीं। सुखेरा ने पंजाब के मुख्यमंत्री शहबाज शरीफ को पेश अपनी रिपोर्ट में कहा कि

पंजाब के मुजफ्फरगढ़ जिले में लश्कर-ए-झंगवी के प्रमुख मलिक इसहाक के मारे जाने के बदले के तौर पर खानजादा की हत्या की गई है।

उन्होंने कहा कि खुफिया रिपोर्टों में मंत्री समेत वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों पर हमले की चेतावनी दी गई थी। इस बीच, डॉन ने सूत्रों के हवाले से कहा कि स्वंयभू इस्लामिक स्टेट ने तालिबान के साथ साठगांठ कर मंत्री ही हत्या की है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, हमारे पास अटक में आईएसआईएस की मौजूदगी की पुष्ट रिपोर्टें हैं। तक्षिला के संवेदनशील इलाके में आईएसआईएस के झंडे पाए गए हैं। फिदाई हमलावरों के जिस्म के हिस्से फारेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। आतंकवाद निरोधी विभाग ने आतंकवाद के आरोपों के तहत अग्यात लोगों के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पंजाब सरकार ने तीन दिन के शोक का एलान किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश