1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. जापान में भूकंपों की वजह से 11 व्यक्ति अब भी लापता, अमेरिका राहत प्रयासों में होगा शामिल

जापान में भूकंपों की वजह से 11 व्यक्ति अब भी लापता, अमेरिका राहत प्रयासों में होगा शामिल

 Written By: India TV News Desk
 Published : Apr 17, 2016 05:37 pm IST,  Updated : Apr 17, 2016 05:37 pm IST

दक्षिण जापान में 41 लोगों की जान लेने वाले दो जबर्दस्त भूकंपों की वजह से अब भी 11 लोग लापता है जबकि अमेरिकी सेना ने राहत प्रयासों में शामिल होने की घोषणा की है एवं टोयोटा ने अगले हफ्ते का अपना एक कार्यक्रम निलंबित कर दिया है।

japan- India TV Hindi
japan

मीनामियासो: दक्षिण जापान में 41 लोगों की जान लेने वाले दो जबर्दस्त भूकंपों की वजह से अब भी 11 लोग लापता है जबकि अमेरिकी सेना ने राहत प्रयासों में शामिल होने की घोषणा की है एवं टोयोटा ने अगले हफ्ते का अपना एक कार्यक्रम निलंबित कर दिया है। हजारों बचावकर्मी लापता लोगों को ढूंढने के लिए पहाड़ी क्षेत्रों में भेजे गए हैं। बचाव हेलीकॉप्टर भी इलाके की छानबीन कर रहे हैं। इस क्षेत्र का ज्यादातर हिस्सा भूस्खलन और पुलों के धंस जाने से सड़क संपर्क से कट गया है।

भूकंप की वजह से शरण पाने को इच्छुक 1,80,000 लोगों में कुछ ने कहा कि खाद्य वितरण बहुत कम है तथा भोजन में चावल के महज दो बॉल (लड्डू) दिए जा रहे हैं। जापान में अमेरिकी सैन्य बल ने कहा कि वह जापान के राहत प्रयासों में हवाई सहयोग प्रदान करने की तैयारी कर रहा है। जापान में अमेरिका की बड़े वायुसेना, नौसेना और समुद्री सेना के अड्डे हैं तथा वहां उसके 50 हजार सैन्यकर्मी हैं। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे ने कहा, हम बहुत आभारी हैं और हम शीघ्रता से तालमेल बनाना चाहेंगे एवं आपात राहत यथाशीघ्र पहुंचाने में मदद करेंगे।

कुमामोटो क्षेत्र संकट प्रबंधन विभाग की अधिकारी शियोरी यातबे ने बताया कि 11 लोग लापता हैं। वैसे वह यह नहीं बता पाई कि ये लोग कहां कहां लापता हैं लेकिन जापानी मीडिया ने कहा कि मीनामियासो गांव में आठ लोग लापता हैं। मीनामियासो 1592 मीटर उंचाई वाले पहाड़ एसो के दक्षिण पश्चिम में पहाड़ी क्षेत्र है जहां सक्रिय ज्वालामुखी क्षेत्र भी हैं। जापानी टीवी के फुटेज में बचावकर्मियों को प्रयासरत दिखाया गया है। पिछले हफ्ते कुमामोटो और उसके आसपास के क्षेत्रों लगातार दो रातों को जबर्दस्त भूकंप आए। पहले भूकंप में नौ लोगों की मौत हो गई जबकि दूसरे में 32 लोगों की जान चली गई। सात लाख 40 हजार लोगों वाला शहर कुमामोटो क्युशु के दक्षिणपश्चिम में है।

वैसे रात की वर्षा से और भूस्खलन की संभावना नहीं जान पड़ती है जैसी आशंका थी। रविवार सुबह आसमान भी साफ था। वित्त मंत्रालय के अनुसार कुमामोटो के 80 हजार परिवारों में रविवार से बिजली गुल है। जापानी मीडिया ने पहले कहा था कि चार लाख परिवार बिना पानी के हैं। दोनों भूकंपों में 1000 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं जबकि 90 तो पूरी तरह ध्वस्त हो गए। भूकंप की सबसे अधिक मार माशिकी पर पड़ी है जो कुमामोटो शहर की पूर्वी सीमा पर है। वहां 20 लोगों की जान चली गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश