काबुल: अफगानिस्तान के हिंदुकुश क्षेत्र में आज 7.5 तीव्रता का एक शक्तिशाली भूकंप आया और इसका झटका दक्षिण एशिया के एक बड़े हिस्से में महसूस किया गया। भूकंप के कारण पाकिस्तान में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पड़ोसी देशों अफगानिस्तान और पाकिस्तान को मदद की पेशकश की है।
भारत ने की मदद की पेशकश
मोदी ने ट्वीट किया, ‘अफगानिस्तान-पाकिस्तान क्षेत्र में जबरदस्त भूकंप के बारे में सुना है जिसके झटके भारत के हिस्सों में महसूस किए गए। मैं सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं।‘ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘मैंने तत्काल आकलन के लिए कहा और अफगानिस्तान तथा पाकिस्तान समेत जहां जरूरत हो, हम मदद के लिए तैयार हैं।‘
करीब 1 मिनट तक हिलती रही धरती, लोग घरों से निकले
यूएस जियोलोजिकल सर्वे के आकलन के अनुसार इसका केन्द्र काबुल से 250 किलोमीटर उत्तरपूर्व में जार्म में 213 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। भूकंप कम से कम एक मिनट तक रहा और इसने काबुल, इस्लामाबाद, नयी दिल्ली में इमारतों को हिला दिया जिससे लोग भाग कर सड़कों पर आ गए।
अफगानिस्तान में 5 की मौत, 55 घायल
भारत, अफगानिस्तान, और पाकिस्तान में आज 2 बजकर 40 मिनट पर भूकंप के तेज़ झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र अफग़ानिस्तान के हिंदूकुश में बताया जा रहा है। भूकंप 7.5 तीव्रता का था। अफग़ानिस्तान के एक अस्पताल ने इस बात की पुष्टि की है कि भूकंप से 5 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 55 लोग घायल हुए हैं।
2005 में पाक अधिकृत कश्मीर में आया था इससे भी तेज़ भूकंप
गौरतलब है कि 2005 में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में 7.6 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें 75,000 लोगों की मौत हो गई थी। इसी वर्ष अप्रैल में नेपाल में आए भूकंप में 9 हजार लोगों की मौत हो गई जबकि 900,000 लोग बेघर हो गए थे।