1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. बाढ़ से तबाह हुआ श्रीलंका ने मांगी वैश्विक मदद

बाढ़ से तबाह हुआ श्रीलंका ने मांगी वैश्विक मदद

 Written By: India TV News Desk
 Published : May 25, 2016 10:36 pm IST,  Updated : May 25, 2016 10:37 pm IST

बाढ़ और भूस्खलन से हुई भारी क्षति के बाद श्रीलंका ने पुनर्निर्माण के लिए अंतर्राष्ट्रीय मदद की इच्छा जाहिर की है।

sri lanka- India TV Hindi
sri lanka

कोलंबो: बाढ़ और भूस्खलन से हुई भारी क्षति के बाद श्रीलंका ने पुनर्निर्माण के लिए अंतर्राष्ट्रीय मदद की इच्छा जाहिर की है। गत सप्ताह प्रलयंकारी बाढ़ और भूस्खलन से कम से कम 101 लोगों की मौत हो गई और करीब दो लाख लोग विस्थापित हो गए। यह जानकारी विदेश मंत्री करुणानायके ने बुधवार को दी। एक समाचार एजेंसी अनुसार करुणानायके ने कहा कि उनके देश को जबर्दस्त अंतर्राष्ट्रीय समर्थन मिला है और अब सरकार अनुदान एवं व्यावसायिक ऋण के रूप में मौद्रिक सहयता पाने की उम्मीद करती है।

बाढ़ और भूस्खलन से श्रीलंका में 2 अरब डॉलर की क्षति हुई है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार गत सप्ताह भारी वर्षा के दिनों में 101 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6,20,000 लोग प्रभावित हुए। बचाव दल का हालांकि कहना है कि यह संख्या कहीं अधिक थी। मंत्री ने कहा कि श्रीलंका सरकार ने प्राकृतिक आपदा से हुई क्षति की भरपाई के लिए 2016 के बजट में दस अरब रुपये आवंटित किए हैं। इस राशि का उपयोग ऐसे परिवारों के पुनर्वास के लिए की जाएगी जिनके घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

करुणानायके ने कहा, "बहुत कुछ करने की जरूरत है और हम यथाशीघ्र देश को सामान्य स्थिति में लाना चाहते हैं। प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए सरकार अपनी पूरी ताकत झोंक रही है।" उन्होंने कहा कि अगले माह से नए कानून लागू हो जाएंगे जिसके तहत घर बनाने के लिए लोगों को पर्यावरणीय मंजूरी लेनी होगी। यह कानून सुनिश्चित करेगा कि बाढ़ और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में घर नहीं बनेंगे।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश