लाहौर: पाकिस्तान में लाहौर शहर के पूर्वी इलाक़े में बुधवार को एक मां ने अपनी 18 साल की लड़की को इसलिए पेट्रोल छिड़कर जिंदा जला दिया क्योंकि उसने अपनी पसंद से शादी कर ली थी। पुलिस ने बताया कि ज़ीनत बीबी को उसकी मां परवीन बीबी ने ज़िंदा जला दिया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी हैदर अशरफ के अनुसार ज़ीनत ने 29 मई को हसन नाम के शख़्स शादी की थी। जीनत को जलाने और उसकी हत्या के लिए उसकी मां परवीन को गिरफ्तार कर लिया है। परवीन ने पुलिस हिरासत में बताया कि उनकी बेटी ने एक व्यक्ति के साथ भागने के बाद उससे शादी करके की जुर्रत की थी।
ज़ीनत को अपने पड़ोसी हसन से प्यार हो गया था। हसने ने ज़ीनत के माता-पिता के पास शादी का प्रस्ताव भी भेजा था लेकिन उन्होंने रिश्ते को नामंज़ूर कर दिया. इसके बाद ज़ीनत हसन के साथ भाग गई और अदालत में निकाह कर लिया। शादी की ख़बर उसने अपनी मां को दे दी और उनकी मर्ज़ी के ख़िलाफ़ शादी करने के लिए माफ़ी भी मांगी। परवीन ने उससे कहा कि परिवार के सदस्यों ने उसे माफ कर दिया है और वह गर आ सकती है।
बुधवार को जीनत जब अपने घर पहुंची तो सबसे पहले उसकी मां और उसके भाई ने उसे प्रताड़ित किया और फिर पेट्रोल छिड़कर उसे आग के हवाले कर दिया गया।
पिछले कुछ महीनों में यह 'ऑनर किलिंग' जैसी यह तीसरी धटना है। पिछले हफ्ते ही इस्लामाबाद स्थित मुरी के पास एक गांव में 19 साल की मारिया सदाकत को भी कुछ लोगों ने इसलिए जिंदा जला दिया था क्योंकि उसने एक लड़के के शादी के प्रस्ताव को खारिज कर दिया था। पाकिस्तान के मानवाधिकार आयोग के अनुसार पंजाब में पिछले वर्ष झूठी शान के नाम पर 800 महिलाओं की हत्या की गई थी।