1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. हाफिज सईद ने की ईद-उल-फित्र नमाज की अगुवाई

हाफिज सईद ने की ईद-उल-फित्र नमाज की अगुवाई

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jul 06, 2016 05:41 pm IST,  Updated : Jul 06, 2016 05:42 pm IST

हाफिज सईद ने आज यहां ईद-उल-फित्र नमाज की अगुवाई की और उन्माद भड़काने का प्रयास करते हुए कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ अमेरिका और भारत समझौतों पर हस्ताक्षर कर रहे हैं और वे एक बड़े युद्ध की तैयारी कर रहे हैं।

hafiz sayeed- India TV Hindi
hafiz sayeed

लाहौर: जमात-उद-दावा के प्रमुख और मुंबई आतंकी हमले के साजिशकर्ता हाफिज सईद ने बुधवार को यहां ईद-उल-फित्र नमाज की अगुवाई की और उन्माद भड़काने का प्रयास करते हुए कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ अमेरिका और भारत समझौतों पर हस्ताक्षर कर रहे हैं और वे एक बड़े युद्ध की तैयारी कर रहे हैं। लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक ने गद्दाफी स्टेडियम में एक विशाल सभा को संबोधित करते हुए मुस्लिमों के बीच एकता पर बल दिया ताकि काफिरों के इरादों को नाकाम किया जा सके।

सईद ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय ताकतें पाकिस्तान के परमाणु कार्यक्रम के खिलाफ षडयंत्र रच रही हैं। उसने कहा, अमेरिका और भारत, पाकिस्तान के खिलाफ समझौतों पर हस्ताक्षर कर रहे हैं और एक बड़े युद्ध की तैयारियां की जा रही है। सईद ने आरोप लगाया, ड्रोन भारतीय हवाई अड्डों पर खडे हैं और हमारे शासक विपक्ष से झगडा करने में लगे हैं। सईद के सिर पर अमेरिका ने एक करोड़ डालर का इनाम रखा है। उसने कहा कि अमेरिका से पाकिस्तान और सउदी अरब की बढ़ती दूरी परोक्ष रूप से वरदान है।

सईद ने कहा, यह परोक्ष रूप से वरदान है कि पाकिस्तान और सउदी अरब की अमेरिका से दूरी बढ़ रही है। इससे इस्लामिक यूनियन की नींव रखी जाएगी। उसने सउदी अरब में आतंकवादी हमले की निंदा की और आरोप लगाया कि मुस्लिम जगत को अस्थिर करने में विदेशी हाथों की संलिप्तता है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज में भाग लिया। स्टेडियम में और बाहर पुलिसकर्मियों के साथ ही जमात..उद..दावा की सुरक्षा इकाई के सदस्यों को तैनात किया गया था।

भारत 2008 के मुबई आतंकी हमले की साजिश रचने के लिए सईद को न्याय की जद में लाने के लिए बार बार पाकिस्तान से कहता रहा है। वह अक्सर भारत विरोधी रैलियों को संबोधित करता रहा है। इस्लामाबाद का कहना है कि उसके पास सईद के खिलाफ कोई सबूत नहीं है। मुंबई आतंकी हमले में कुल 166 लोग मारे गए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश