बीजिंग: चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) ने गोपनीयता और सुरक्षा कारणों से अपने कर्मियों के विदेशी गैर सरकारी संगठनों (NGO) से जुड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया है। आधिकारिक मीडिया के मुताबिक, PLA के जनरल पोलिटिकल डिपार्टमेंट से जारी नये नियमन में सेना में सेवाएं दे रहे लोगों के विदेशी NGO से जुड़ने पर रोक लगा दी गई है। PLA डेली के मुताबिक विदेशी NGO में एसोसिएशनों, अकादमिक सोसाइटी, चैंबर ऑफ कॉमर्स, फाउंडेशन, रिसर्च इंस्टीट्यूट जैसे, कानूनी तरीके से विदेशों में स्थापित गैर सरकारी और गैर लाभकारी समूहों का जिक्र है।
बीजिंग स्थित एक सैन्य विशेषग्य सोंग झोंगपिंग ने ग्लोबल टाइम्स से कहा, गोपनीयता की वजहों से ऐसा किया गया है। सोंग ने कहा कि कई विदेशी NGO चीनी सैनिकों की भर्ती कर सैन्य सूचनाएं हासिल करने के लिए बनाये गए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ NGO सैनिकों के विचार में परिर्वतन की कोशिश करते हैं। नियमन के कार्यान्वयन के लिए प्रभारी कार्यकारी समूह ने कहा है कि विदेशी NGO से जुड़ना राजनीतिक रूप से संवेदनशील है और PLA हमेशा से एकीकृत रही है।