इस्लामाबाद: पाकिस्तान में चार मंजिला एक फैक्ट्री की इमारत ढहने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है जबकि एक व्यक्ति को 50 घंटे से ज्यादा देर तक मलबे में दबे रहने के बाद आज जीवित निकाल लिया गया। लाहौर के सुंदर इंडस्टि्रयल एस्टेट क्षेत्र में राजपूत पोलिएस्टर पॉलिथीन बैग फैक्ट्री की इमारत बुधवार को विस्तार कार्य के दौरान ढह गई थी। दर्जनों की संख्या में बचावकर्मी, नागरिक एवं सेना के लोग वहां राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। पाकिस्तान के बचावकर्मियों ने एक युवा को मलबे में 50 घंटे से भी ज्यादा देर तक दबे रहने के बाद आज जीवित निकाल लिया। स्थानीय टीवी 18 वर्षीय एक युवक के जीवित बाहर आने की खबर दिखा रहे हैं।
एक अधिकारी ने बताया, उसके सिर्फ एक पैर में मामूली सी चोट आई है लेकिन वह काफी कमजोर हो गया है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बचाव अधिकारियों ने बताया कि घटना में फैक्ट्री के मालिक सहित 39 लोग मारे जा चुके हैं। अधिकारियों ने आशंका जताई कि मलबे में अब भी और लोग फंसे हो सकते हैं और उनके जीवित बचे होने की संभावना कम है।