1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. कश्मीर के कारण पाक से बातचीत करने से बच रहा है भारत: अजीज

कश्मीर के कारण पाक से बातचीत करने से बच रहा है भारत: अजीज

 Written By: Bhasha
 Published : Jun 29, 2016 05:49 pm IST,  Updated : Jun 29, 2016 05:49 pm IST

इस्लामाबाद: प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने आज कहा कि कश्मीर और अन्य मुद्दों पर बातचीत से बचने के लिए भारत पाकिस्तान के साथ शांतिवार्ता करने से बच रहा है।

sartaj aziz- India TV Hindi
sartaj aziz

इस्लामाबाद: प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने आज कहा कि कश्मीर और अन्य मुद्दों पर बातचीत से बचने के लिए भारत पाकिस्तान के साथ शांतिवार्ता करने से बच रहा है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान बातचीत करने से नहीं बच रहा है।

टेलीविजन पर प्रसारित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इंटरव्यू के दौरान उनकी टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए अजीज ने कहा, ‘दरअसल भारत बातचीत करने से बच रहा है, क्योंकि उसे पता है कि उसको कश्मीर और अन्य मुद्दों पर वार्ता मंच पर चर्चा करनी होगी।’ उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री का तर्क समझ से परे है।’

रेडियो पाकिस्तान के अनुसार, अजीज ने कहा, हमारे पास भारत के साथ विस्तृत और संयोजित बातचीत की रूपरेखा है, जिसमें लोगों के बीच आपसी संपर्क, वीजा और मछुआरों के मामले, व्यापार और आर्थिक सहयोग, कश्मीर, सियाचीन और सर क्रीक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सियाचीन में भारतीय सेना की मौजूदगी है और पिछली बार जब दोनों सरकारों में एक सहमति बनी भी तो भारत की सेना ने उससे इनकार कर दिया था।

सोमवार को दिए गए साक्षात्कार में मोदी ने कहा था कि उनके कूटनीतिक प्रयासों के कारण दुनिया यह देख चुकी है कि भारत को अब पाकिस्तान से बातचीत करने में कोई हिचक नहीं है। मोदी ने कहा था, हमारे रूख से पाकिस्तान के लिए मुश्किलें खड़ी हो गयी हैं और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के बीच उसे इन मुद्दों पर प्रतिक्रिया देने में दिक्कत होने लगी है। इस वर्ष के आरंभ में हुए पठानकोट एयर बेस हमले के बाद से दोनों देशों के बीच बातचीत प्रभावित हुई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश