इस्लामाबाद: पाकिस्तान के पेशावर स्थित स्कूल में हुए आतंकी हमलों लिए पाकिस्तान ने भारत को जिम्मेदार ठहराया है। दोनों देशों के बीच राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्तर की बातचीत से पहले ही इस तरह का आरोप चौंकाने वाला है। गौरतलब है कि इस आतंकी हमले में 150 लोग मारे गए थे, जिसमें 136 बच्चे थे।
हैरानी की बात यह है कि पाकिस्तान ने यह आरोप उस वक्त लगाया है, जब पाकिस्तानी तालिबान ने इस हमले की जिम्मेदारी खुद-ब-खुद अपने जिम्मे ले ली है। फरवरी में ही पाक सेना ने यह दावा किया था कि दिसंबर 2014 में हुए बर्बर हमले के दोषी आतंकी या तो मारे जा चुके हैं या उन्हें गिरफ्तार किया जा चुका है।
16 दिसंबर को हुआ था बड़ा हमला-
16 दिसंबर 2014 को तालिबान ने पेशावर के आर्मी पब्लिक स्कूल में 150 लोगों को हमले में मार गिराया था। आतंकियों ने यह हमला उत्तरी वजीरिस्तान में सैनिक अभियान का बदला लेने के लिए किया था। एक रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान भारत के आतंकवाद में शामिल होने पर एक डॉजियर बना रहा है, जिसमें भारत पर बलूचिस्तान और कराची में आतंकवाद को बढ़ावा देने के आरोप लगाए जाते रहे हैं।