1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. 'पाकिस्तान संग बातचीत पठानकोट जांच की शर्त पर नहीं'

'पाकिस्तान संग बातचीत पठानकोट जांच की शर्त पर नहीं'

 Written By: IANS
 Published : Feb 16, 2016 08:04 am IST,  Updated : Feb 16, 2016 08:04 am IST

पाकिस्तान में भारत के उच्चायुक्त गौतम बंबावाले ने सोमवार को कहा कि दोनों देशों के बीच विदेश सचिव स्तर की बातचीत पंजाब के पठानकोट वायुसेना अड्डे पर हुए हमले की जांच की शर्त पर नहीं होनी है।

pathankot- India TV Hindi
pathankot

इस्लामाबाद: पाकिस्तान में भारत के उच्चायुक्त गौतम बंबावाले ने सोमवार को कहा कि दोनों देशों के बीच विदेश सचिव स्तर की बातचीत पंजाब के पठानकोट वायुसेना अड्डे पर हुए हमले की जांच की शर्त पर नहीं होनी है। डॉन ऑनलाइन के अनुसार, भारतीय राजदूत ने कहा कि भारत और पाकिस्तान निकट भविष्य में विदेश सचिव स्तर की बातचीत आयोजित करने के लिए संपर्क में हैं। बंबावाले ने कहा, "मैं विदेश सचिव स्तर की बातचीत के लिए कोई तिथि नहीं बता सकता, लेकिन दोनों देशों के विदेश सचिव लगातार संपर्क में हैं।"

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच पेरिस में हुई मुलाकात के साथ ही दोनों देशों के बीच जमी बर्फ पिघली थी और उसके बाद उच्चस्तर पर कई संपर्क हुए। उसके बाद मोदी ने अफगानिस्तान से लौटते समय अचानक लाहौर उतरे और शरीफ से मुलाकात की। इन सारी कवायदों के बाद दोनों देश कई वर्षो के अवरोध के बाद द्विपक्षीय संवाद बहाल करने पर दिसंबर में सहमत हुए। संवाद बहाली को व्यापक द्विपक्षीय संवाद नाम दिया गया और इस बात पर सहमति बनी थी कि दोनों देशों के विदेश सचिव प्रक्रिया की समयसारिणी और तरीके तय करने के लिए 15 जनवरी को मुलाकात करेंगे।

लेकिन इसके पहले ही दो जनवरी को पठानकोट वायुसेना अड्डे पर आतंकवादी हमला हो गया, जिसमें सात भारतीय सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए। हमले के लिए पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन, जैश-ए-मुहम्मद को जिम्मेदार ठहराया गया है। इस घटना के बाद विदेश सचिव स्तर की प्रस्तावित वार्ता स्थगित हो गई। और अब इस वार्ता को इस हमले की जांच से जोड़ कर देखा जाने लगा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश