काबुल: अफगान नागरिकों को वीजा जारी करने के लिए भारत ने औपचारिकताएं बढ़ा दी हैं। ऐसा इस वजह से करना पड़ा है, क्योंकि कुछ पड़ोसी देश के नागरिक भी अफगानिस्तान का पासपोर्ट रखते हैं। अफगानिस्तान के विदेश मंत्री सलाहुद्दीन रब्बानी ने कहा कि यह मुद्दा यहां काबुल स्थित भारतीय दूतावास के लिए चिंता का सबब बन गया था।
अफगान पासपोर्ट का गलत इस्तेमाल कौन करते हैं, इसका खुलासा नहीं
कौन से देश हैं जिनके नागरिकों ने अफगानिस्तान का पासपोर्ट ले रखा है, इस पर विस्तार से कुछ कहे बिना रब्बानी ने कहा, "अफगानिस्तान के नागरिकों को भारत का वीजा हासिल करने के लिए बैंक खाते का ब्यौरा और चिकित्सा से जुड़े दस्तावेज मुहैया कराने पड़ेंगे।"
यूएई में भी अफग़ान नागरिकों ने झेली थी ऐसी ही परेशानी
खामा प्रेस की खबर के अनुसार, पिछले साल युनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) में भी अफगान नागरिकों को ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ा था। बताया जाता है कि यूएई के साथ यह मुद्दा तब उठा था, जब इस चिंता के बीच नया इलेक्ट्रॉनिक अफगान पासपोर्ट जारी किया गया कि दूसरे देश के नागरिक देश के पासपोर्ट का दुरुपयोग कर सकते हैं। हालांकि, बाद में इस मुद्दे का समाधान हो गया। दोनों देशों के बीच इस बात पर सहमति बनी कि जारी किए जाने वाले ई-पासपोर्ट में सूचनाओं की गुणवत्ता बढ़ाई जाए।