ओसाका (जापान): वित्त मंत्री अरूण जेटली ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था कुछ ही साल में दोगुनी से भी अधिक बढ कर 5,000 अरब डॉलर की हो जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार आर्थिक वृद्धि को और तेज करने के लिए अपने सुधार कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में लगी है। उन्होंने कहा कि सुधारों से न केवल भारत को सबसे तीव्र वृद्धि वाली बड़ी अर्थव्यवस्था का अपना तमगा बनाए रखने में मदद मिलेगी बल्कि अर्थव्यवस्था और अधिक विकसित होगी।
जेटली ने कहा, भारत के जीडीपी में अपेक्षाकृत बहुत तीव्र वृद्धि होना तय है, हम हर कुछ साल में अर्थव्यवस्था में 1,000 अरब डालर का इजाफा करने जा रहे हैं। हमारी अर्थव्यवस्था फिलहाल 2,000 अरब डॉलर की है। यह केवल कुछ साल की बात है जब हम 2,000 से 3,000 तथा 5,000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था होंगे। यह इस बात का संकेत है कि हमारी अर्थव्यवस्था किस गति से विस्तार कर रही है।
उद्योग मंडल सीआईआई तथा डीआईपीपी द्वारा आयोजित इंडिया इनवेस्टमेंट प्रमोशन सेमिनार में उन्होंने कहा कि जब दुनिया तीव्र गति से वृद्धि कर रही है तो वृद्धि आसान होती है। वित्त मंत्री ने कहा, लेकिन जब वैश्विक माहौल प्रतिकूल हो और समय-समय पर बाधाकारी हो तथा जहां व्यापार घट रहा हो, यह वास्तविक परीक्षा की घड़ी होती है क्योंकि कहा जाता है कि जब सब कुछ अच्छा हो रहा है, हर कोई बेहतर होता है। लेकिन जब स्थिति चुनौतीपूर्ण हो, तब उसे पार पाना और प्रवृत्ति को बदलना एक वास्तविक चुनौती है।