कुआलालंपुर: मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में नशीले पदार्थो की तस्करी में एक 36 वर्षीय भारतीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार को जारी मीडिया रिपोर्ट से यह जानकारी प्राप्त हुई। पुलिस ने रवांग में एक घर से 19 टन सफेद पाउडर जब्त किया है। ऐसा माना जा रहा है कि यह सफेद पाउडर केटामाइन है।
सहायक आयुक्त आर.मुनूसामी ने कहा कि इस घर में नशीले पदार्थो को बड़ी तादाद में रखा जाता था। इन नशीले पदार्थो की कीमत कम से कम 28 करोड़ मलेशियाई रिंगित है। हालांकि गिरफ्तार किए गए भारतीय युवक की पहचान नहीं की जा सकी है। आर.मुनूसामी के मुताबिक, "गिरफ्तारी के बाद संदिग्ध हमें रवांग के जलान अमन सिएरा में एक घर में ले गया। जब हमने घर की तलाशी ली तो हमें 762 बोरियां मिली। प्रत्येक बोरी में 25 किलोग्राम सफेद पाउडर था।
पुलिस ने एक 42 वर्षीय कारोबारी को भी घर से गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा, "हमने इन नशीले पदार्थो को जांच के लिए भेज दिया है। ऐसा लगता है कि इन पदार्थो को भारत से यहां लाया गया है।"