काठमांडो: नेपाल की पुलिस ने काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से एक भारतीय नागरिक को गिरफ्तार कर उससे चार किलो सोना जब्त किया। आरोपी की पहचान 57 वर्षीय रामनिवास वर्मा के रूप में हुई है। वह संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह से भारत जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक सुरक्षा जांच के दौरान टीआईए के सुरक्षाकर्मियों ने उसे सोने की छड़ के साथ पकड़ा। उसने अपने शरीर में सोने की छड़ों को छिपा रखा था और इसे ले जाने के लिए उसके पास वैध दस्तावेज भी नहीं थे। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और पुलिस उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई कर रही है।