1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. मलेशिया में बुरी तरह पिटाई के बाद भारतीय मूल के किशोर की मौत

मलेशिया में बुरी तरह पिटाई के बाद भारतीय मूल के किशोर की मौत

 Written By: Bhasha
 Published : Jun 16, 2017 08:25 pm IST,  Updated : Jun 16, 2017 08:25 pm IST

ए. आर. रहमान जैसा संगीतकार बनने की इच्छा रखने वाले मलेशिया के एक भारतवंशी किशोर की 5 युवकों ने कथित तौर पर नृशंस तरीके से पिटाई की जिससे उसकी मौत हो गई।

Nhaveen | AP Photo- India TV Hindi
Nhaveen | AP Photo

कुआलालंपुर: ए. आर. रहमान जैसा संगीतकार बनने की इच्छा रखने वाले मलेशिया के एक भारतवंशी किशोर की 5 युवकों ने कथित तौर पर नृशंस तरीके से पिटाई की जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद देश में डराने-धमकाने और हमला करने की बढ़ती घटनाओं के खिलाफ गुस्सा पैदा हो गया है। 18 साल के छात्र टी. नवीन की गुरुवार को पेनांग के जॉर्ज टाउन में एक अस्पताल में मौत हो गई। 5 युवकों ने एक विवाद के बाद नवीन की बुरी तरह पिटाई कर दी थी और कथित तौर पर उसका अप्राकृतिक यौन शोषण किया।

नवीन और उसके एक दोस्त पर बीते शनिवार को हमला हुआ था और उसे बुरी तरह हेलमेट से पीटा गया था। इस घटना के बाद 5 संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया जो उसके पूर्व सहपाठी बताए जाते हैं। स्टेट टाइम्स की खबर के अनुसार पूरा घटनाक्रम तब शुरू हुआ जब 2 युवकों ने नवीन और उसके दोस्त प्रेवलिन को परेशान करना शुरू कर दिया। विवाद बढ़ गया और 5 युवकों ने दोनों की बुरी तरह पिटाई की। प्रेवलिन के आंख में चोट आई लेकिन बुरी तरह पिटाई होने से नवीन के सिर और पेट में गंभीर चोट आई। अखबार के अनुसार उसका अप्राकृतिक यौन शोषण भी किया गया। गुरुवार को अस्पताल में नवीन मौत हो गई।

नवीन की मां डी. शांति ने मीडिया को बताया कि उनके बेटे का स्वभाव और हावभाव सरल होने के कारण एक संदिग्ध ने 3 साल पहले उसे परेशान किया था लेकिन तब नवीन शांत रहा था ताकि मामला ज्यादा नहीं बढ़े। नवीन के मामले को लेकर सोशल मीडिया पर गुस्सा देखा गया और ए. आर. रहमान का ध्यान भी इस मामले की तरफ गया है जिनके जैसा संगीतकार नवीन बनना चाहता था। रहमान ने पहले नवीन के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए ट्वीट किया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश