1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. बांग्लादेश: भारतीय छात्र की एक हमवतन ने चाकू मार कर हत्या की

बांग्लादेश: भारतीय छात्र की एक हमवतन ने चाकू मार कर हत्या की

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 15, 2017 07:55 pm IST,  Updated : Jul 15, 2017 07:55 pm IST

भारत के 25 वर्षीय एक MBBS छात्र की उसके हमवतन ने ही चाकू मार कर हत्या कर दी। दरअसल, बांग्लादेश के चटगांव शहर स्थित एक फ्लैट में उनके बीच कहा सुनी हुई थी।

Representational Image | PTI- India TV Hindi
Representational Image | PTI

ढाका: भारत के 25 वर्षीय एक MBBS छात्र की उसके हमवतन ने ही चाकू मार कर हत्या कर दी। दरअसल, बांग्लादेश के चटगांव शहर स्थित एक फ्लैट में उनके बीच कहा सुनी हुई थी। इस लड़ाई में दूसरा भारतीय छात्र घायल हो गया था।  रिपोर्ट्स के मुताबिक, अकबर शाह पुलिस थाने के थाना प्रभारी आलमगीर हुसैन के हवाले से कहा है कि पीड़ित की पहचान 25 वर्षीय आतिफ शेख के रूप में हुई है, जो चटगांव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में एमबीबीएस के अंतिम वर्ष का छात्र था। घायल पाए गए दूसरे भारतीय विद्यार्थी की पहचान 23 वर्षीय विंसन सिंह के रूप में की गई है। विंसन को पुलिस ने उसी फ्लैट में छत के पंखे से लटका पाया था। दोनों ही विद्यार्थी भारत के पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर के रहने वाले हैं।

घटना शुक्रवार की रात 11.00 बजे की है और स्थानीय मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, दोनों विद्यार्थियों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और सिंह ने कथित तौर पर शेख को चाकू घोंप दिया और खुद भी पंखे से लटकर खुदकुशी करने की कोशिश की। रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लैट में रहने वाले अन्य लोगों ने सिंह को बचा लिया और शनिवार को तड़के चटगांव चिकित्सा विज्ञान संस्थान अस्पताल में भर्ती करवाया। शेख को हालांकि अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शेख के शरीर पर चोट के 15 निशान मिले हैं। अकबर शाह पुलिस थाने के उप-निरीक्षक ने कहा, ‘ऐसा लगता है कि आतिफ और विंसन के बीच जब झगड़ा हुआ, तब दोनों शराब के नशे में थे। झगड़े के दौरान आतिफ के गले पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसके चलते उसका बहुत सारा खून बह गया।’

इसी फ्लैट में रहने वाले एक अन्य भारतीय विद्यार्थी नीरज गुरु ने बताया कि आतिफ और विंसन अपने कमरे में शराब पी रहे थे, तभी उसने उनके बीच झगड़े का शोरगुल सुना। लेकिन जब नीरज ने अपने कमरे का दरवाजा खोलना चाहा तो उसे अंदर से बंद पाया। नीरज जब किसी तरह अपना दरवाजा खोल सका तो उसने देखा कि शेख का पूरा शरीर खून से लथपथ था, जबकि सिंह का शरीर पंखे से लटका हुआ था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुरु ने पड़ोसियों की मदद से आतिफ और विंसन को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि मामले में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है और जांच चल रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश