लाहौर: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में यहां एक निजी समाचार चैनल के कार्यालय पर एक मोटरसाइकिल सवार ने ग्रेनेड से विस्फोट कर दिया जिसमें 2 पुलिसकर्मी सहित तीन लोग घायल हो गए।
यह हमला ऐसे वक्त हुआ है जब अधिकारियों ने इस्लामिक स्टेट द्वारा मीडिया हाउसों पर संभावित हमले की चेतावनी दी थी।
टीवी चैनल के लाहौर ब्यूरो प्रमुख मुमताज भट्टी ने संवाददाताओं को बताया कि मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति ने गुलबर्ग इलाके में दीन न्यूज टीवी के परिसरों पर हथगोला फेंका और फरार हो गया। उन्होंने बताया कि उनका एक कर्मचारी और दो पुलिसकर्मी इस हमले में घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने वहा का इलाका सील कर दिया और घायलों को पास के अस्पताल भिजवाया गया। पंजाब के मुख्यमंत्री शाहबाज शरीफ ने घटना की जानकारी ली और हमलावर को तुरंत गिरफ्तार करने के लिए अधिकारियों को आदेश दिया।