दमिश्क: ये तो सभी जानते हैं कि दुनिया का नंबर एक सर्च इंजन गूगल चालक रहित कार का निर्माण करने में जुटा हुआ है। अब उसे टक्कर देने के लिए एक ऐसा संगठन सामने आया, जिसके बारे में सुनकर आप हैरान रह जाएंगे। ये है दुनिया का सबसे खतरनाक आतंकवादी संगठन ISIS, जिसके बारे में माना जा रहा है कि पश्चिम में बम हमलों को अंजाम देने के लिए वह ऐसी कार विकसित करने पर काम कर रहा है।
चालक रहित कार बनाने में ISIS की सफलता बनेगी दुनिया का बड़ा सिरदर्द
गूगल की सफलता जहां मानवता को फायदा पहुंचाएगी, वहीं अगर ISIS अपने नापाक मंसूबों में कामयाब हो गया, तो उसकी चालकरहित कार यूरोप और अमेरिका ही नहीं, सारी दुनिया के लिए भारी सिरदर्द साबित हो सकती है। नए सुरक्षा खतरों पर नजर रखने वाले नाटो के उप सहायक महासचिव जेमी शिया ने कहा कि इस्लामिक स्टेट राक्का में इस कार को विकसित करने में लगा है। शिया ने कहा, "केवल गूगल ही नहीं, बल्कि आईएस भी चालक रहित कार के विकास के प्रयास में लगा है।"
इस बीच ISIS ने सीरिया में किया गैस क्षेत्र पर पूरी तरह से कब्जा
ISIS ने सरकारी सुरक्षाबलों से तीन दिनों तक भीषण लड़ाई के बाद मध्य सीरिया के होम्स प्रांत के पूरब में स्थित अल-शेर गैस क्षेत्र पर गुरुवार को पूरी तरह से अपना कब्ज़ा कर लिया है। सीरिया में काम करने वाली ब्रिटेन की मानवाधिकार संस्था सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स (एसओएचआर) ने कहा कि झड़प के दौरान कम से कम 35 सैनिक तथा आईएस के 16 आतंकवादी मारे गए। गैस क्षेत्र पर आतंकवादियों के कब्जे के बावजूद इस पर फिर से नियंत्रण के लिए सेना आसपास के क्षेत्रों में आतंकवादियों से संघर्ष जारी रखे हुए है।