काठमांडो: नेपाल के उप प्रधानमंत्री कमल थापा ने आज कहा कि उन्होंने भारतीय मूल के मधेसियों द्वारा सीमा व्यापार मार्गों पर बंद को समाप्त करने के लिए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के साथ सकारात्मक बातचीत की और वार्ता से दोनों देशों के बीच मौजूदा गलतफहमी को दूर करने में मदद मिली।
थापा ने दो महीने से कम समय के भीतर भारत की अपनी दूसरी यात्रा से लौटने के बाद यहां त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर संवाददाताओं से कहा, मैंने सुषमा स्वराज और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से दिल्ली में बातचीत की थी और वार्ता फलदायी रही।
थापा हिंदू समर्थक राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी नेपाल के अध्यक्ष भी हैं। मंत्री ने कहा कि उन्होंने यात्रा के दौरान सुषमा और अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के साथ खुलकर और विस्तृत बातचीत की। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय मूल के मधेसियों द्वारा दक्षिणी मैदानी हिस्से में करीब तीन महीने पहले से शुरू हुए प्रदर्शन से बने हालात में जल्द सुधार होगा।
थापा ने कहा, मुझे उम्मीद है कि मौजूदा स्थिति में जल्द सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय अधिकारियों से बातचीत में दोनों देशों के बीच मौजूदा गलतफहमी को दूर करने में मदद मिली। थापा ने कहा कि उन्होंने द्विपक्षीय मुद्दों, नेपाल में राजनीतिक संकट और भारत-नेपाल सीमा व्यापार मार्ग के बंद होने की वजह से नेपाली जनता के सामने आने वाली समस्याओं तथा ईंधन और अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति में अवरोध पर बात की।