1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. Japan Earthquake: टोक्यो में आया 6.1 तीव्रता का भूकंप, सुनामी का कोई खतरा नहीं

Japan Earthquake: टोक्यो में आया 6.1 तीव्रता का भूकंप, सुनामी का कोई खतरा नहीं

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 07, 2021 08:53 pm IST,  Updated : Oct 07, 2021 08:53 pm IST

बता दें कि 11 मार्च 2011 को जापान में रिक्टर स्केल पर 9 की तीव्रता वाला भूकंप रिकार्ड किया गया था। भूकंप के चलते आई सुनामी ने उत्तरपूर्वी होंशू के तोहोकू क्षेत्र को पूरी तरह बर्बाद कर दिया था। 

Japan: Earthquake of 6.1 magnitude jolts Tokyo, PM urges people to take measures- India TV Hindi
जापान की राजधानी टोक्यो में गुरुवार रात को भूकंप के शक्तिशाली झटके महसूस किए गए। Image Source : AP

टोक्यो: जापान की राजधानी टोक्यो में गुरुवार रात को भूकंप के शक्तिशाली झटके महसूस किए गए। इस भूकंप की प्रारंभिक तीव्रता 6.1 मापी गई। भूकंप के झटकों के बाद अधिकारियों ने कहा कि सुनामी का कोई खतरा नहीं है। मौसम विज्ञान एजेंसी ने कहा कि टोक्यो के पूर्व में चीबा प्रांत में भूकंप का केंद्र 80 किलोमीटर (48 मील) गहराई में था। भूकंप से इमारतें हिल गयीं लेकिन जानमाल के नुकसान की फिलहाल कोई खबर नहीं है। 

एनएचके सरकारी टेलीविजन ने अपने दफ्तर की एक तस्वीर प्रसारित की जिसमें छत से लटकती वस्तुओं को तेजी से हिलते हुए देखा गया। टोक्यो के सुगिनामी जिले में बिजली के तार भी हिल गये। एनएचके ने बताया कि शिनकानसेन सुपर एक्सप्रेस ट्रेन को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। 

शिबुया और शिंजुकू जिलों में लिये गये वीडियो में सड़कों पर कारों को और लोगों को सामान्य तरीके से चलते हुए देखा गया। जापान के नये प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने ट्विटर पर एक संदेश डालकर लोगों से अनुरोध किया कि ताजा सूचना देखते रहिए और अपनी जान बचाने के लिए कदम उठाइए।

इससे पहले 4 अगस्त, 2021 को टोक्यो के तट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। उस दौरान भी भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6 मापी गई थी। वैसे जापान में समय-समय पर भूकंप आते रहते हैं और इसलिए यहां इमारतों एवं घरों का डिजाइन भी उसी हिसाब से किया जाता है ताकि ज्यादा नुकसान ना हो।

बता दें कि 11 मार्च 2011 को जापान में रिक्टर स्केल पर 9 की तीव्रता वाला भूकंप रिकार्ड किया गया था। भूकंप के चलते आई सुनामी ने उत्तरपूर्वी होंशू के तोहोकू क्षेत्र को पूरी तरह बर्बाद कर दिया था। भूकंप और इसके बाद आई सुनामी में 18 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी और करीब पांच लाख लोग विस्थापित हुए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश