तोक्यो: जापान को उत्तर कोरिया से होने वाला खतरा अब एक नए स्तर पर पहुंच गया है क्योंकि अब उत्तर कोरिया अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल आईसीबीएम दागने में सक्षम है और उसकी परमाणु हथियार योजना उन्नत हुई है। जापानी रक्षा मंत्रालय की आज जारी एक रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। जापान की कैबिनेट द्वारा स्वीकृत इस रिपोर्ट में उत्तर कोरिया को सबसे बड़ी चिंता बताया गया है। यह रिपोर्ट उत्तर कोरिया के दूसरे आईसीबीएम परीक्षण के दो सप्ताह के भीतर आई है। विश्लेषकों का कहना है कि इस आईसीबीएम की पहुंच में अमेरिका के मुख्य भूभाग से ज्यादा बड़े क्षेत्र आ सकते हैं जिनमें लॉस एंजिलिस और शिकागो भी शामिल हैं। (यहां चीनी टैंक को खानी पड़ी मुंह की, भारतीय टैंक निकला आगे)
यह सुरक्षा समीक्षा वर्ष 2012-2014 में रक्षा मंत्री रहे चुके इत्सुनोरी ओनोडेरा के दोबारा पद संभालने के महज एक सप्ताह बाद आई है। राजनीतिक घोटालों के चलते प्रधानमंत्री शिंजो आबे के मंत्रालय में बदलाव करने के बाद उन्हें फिर से रक्षा मंत्री बनाया गया है। ओनोडेरा ने शुक्रवार को संवादाताओं से कहा, उत्तर कोरिया के मिसाइल परीक्षणों ने गुणवत्ता और संख्या दोनों ही दृष्टि से तनाव बढ़ा दिया है। मैं अध्ययन करना चाहूंगा कि क्या हमारी वर्तमान मिसाइल प्रतिरक्षा केवल एजिस विनाशकों और पीएसी 3 के साथ पर्याप्त है।
532 पन्नों की इस रक्षा रिपोर्ट में चीन की ओर से मुखरता से जारी हवाई गतिविधियों और क्षेत्रीय समुद्रों में समुद्री गतिविधियों पर भी चिंता जताई गई है। साथ ही देश की सैन्य संरचना में पारदर्शिता पर भी चिंता जताई गई है जिसका बजट पिछले दशक में तीन गुणा अधिक हो गया है।