जेरूसलम: पूर्वी जेरूसलम के पुराने शहर में एक पुलिस अधिकारी ने अपने ऊपर चाकू से हमला करने वाले जॉर्डन के एक व्यक्ति को अपने बचाव में गोली मार दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजरायल की पुलिस प्रवक्ता लुबा सामरी ने बताया कि हमलावर ने अल-अक्सा मस्जिद के पास गश्त लगा रहे पुलिसकर्मी के पास जाकर उसे चाकू मारकर घायल कर दिया। सामरी ने बताया कि घायल पुलिसकर्मी ने जवाबी कार्रवाई में हमलावर को गोली मार दी।
पुलिस के एक बयान के मुताबिक हमलावर मारा जा चुका है। हमलावर की पहचान जॉर्डन के निवासी मुहम्मद अब्देल्ला सलीम अल-कासजी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 57 वर्षीय कासजी टूरिस्ट वीजा लेकर एक सप्ताह पहले इजरायल आया था। हालांकि पहले खबरें आई थीं कि चाकू से हमला करने वाला शख्स इजरायल का नागरिक है, लेकिन बाद में पुलिस ने बताया कि कासजी जॉर्डन का रहने वाला है। वहीं, जॉर्डन ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। जॉर्डन सरकार के प्रवक्ता मोहम्मद मोमादी ने कहा है कि इजरायल उसके एक नागरिक की हत्या का जिम्मेदार है।
सितंबर 2014 से फिलीस्तीनियों द्वारा इजरायलियों पर कई हमले किए जा चुके हैं। चाकूमारी, गोलीबारी और कार से कुचलने समेत इन हमलों में 41 इजरायलियों, 2 अमेरिकी नागरिकों और एक ब्रिटिश पर्यटकों की जान जा चुकी है। इसी अवधि में इजरायली सुरक्षा बलों और नागरिकों ने भी हमलों या हमलों के आरोपों के बीच 245 फिलीस्तीनियों को मार डाला। इजरायल का आरोप है कि फिलीस्तीनी राष्ट्रीय प्राधिकरण अशांति को 'उकसा' रहा है। वहीं, फिलीस्तीनियों का कहना है कि यह वेस्ट बैंक और गाजा पट्टी पर इजरायल के 50 वर्षो के 'कब्जे' का नतीजा है।