1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. काबुल में अमेरिकी दूतावास के पास आत्मघाती हमला, 28 की मौत

काबुल में अमेरिकी दूतावास के पास आत्मघाती हमला, 28 की मौत

 Written By: India TV News Desk
 Published : Apr 19, 2016 12:43 pm IST,  Updated : Apr 19, 2016 06:33 pm IST

मध्य काबुल में आज सुबह अमेरिकी दूतावास के पास भीषण आत्मघाती विस्फोट हुआ। शुरुआती खबरों के मुताबिक, हमले में 28 लागों के मारे जाने की खबर है।

kabul- India TV Hindi
kabul Image Source : PTI

काबुल: मध्य काबुल में आज सुबह अमेरिकी दूतावास के पास भीषण आत्मघाती विस्फोट हुआ। शुरुआती खबरों के मुताबिक, हमले में 28 लागों के मारे जाने की खबर है। अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने बताया कि, काबुल में हुए हमले में कई लोग मारे गए और कई घायल हुए। जानकारी के मुताबिक  यह एक आत्‍मघाती धमाका था जिसमें हमलावरों ने विस्‍फोटकों से भरे वाहन में वीआईपी लोगों की सुरक्षा का जिम्‍मा संभालने वाली सीक्रेट सर्विस यूनिट के बाहर उड़ा दिया। मौके पर भारी संख्या में पुलिसबल मौजूद है और फायरिंग की आवाजें आ रही हैं।

अफगान खुफिया एजेंसी के कार्यालय के समीप हुए हमले की जिम्मेदारी तालिबान ने ली है। इस विस्फोट की आवाज कई मील दूर तक सुनाई दी और आसमान काले धुएं से ढक गया। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता सेदिक सेदिक्की ने बताया, पहला विस्फोट कार में एक आत्मघाती हमलावर ने किया और संभवत: एक या दो हमलावर अब तक प्रतिरोध कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अफगान सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है।

तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने दावा किया कि उनके लड़ाके मुख्य अफगान सुरक्षा एजेंसी के राष्ट्रीय सुरक्षा निदेशालय के कार्यालय में घुसने में सफल रहे। अफगान अधिकारियों ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है लेकिन एनडीएस परिसर के समीप गोलीबारी की तेज आवाज सुनी जा सकती हैं।

माना जाता है कि तालिबान लड़ाई के बारे में दावे अक्सर बढ़ा चढ़ा कर करता है। अफगान राष्ट्रपति भवन के एक बयान में कहा गया है कि काबुल शहर के पुली महमूद खान इलाके के समीप आज हुआ आतंकी हमला अफगान सुरक्षा बलों के साथ लड़ाई में दुश्मन की साफ पराजय बताता है।’’ पिछले मंगलवार को अफगान तालिबान ने अपनी गतिविधियां तेज करने का ऐलान किया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश