1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. 'कश्मीर का मुद्दा यूएनएससी के शांति प्रस्ताव से सुलझाना ज़रूरी'

'कश्मीर का मुद्दा यूएनएससी के शांति प्रस्ताव से सुलझाना ज़रूरी'

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 26, 2017 01:30 pm IST,  Updated : Dec 26, 2017 01:30 pm IST

रूस और चीन सहित छह देशों के हस्ताक्षर किए हुए संयुक्त घोषणापत्र में कहा गया है कि वैश्विक और क्षेत्रीय शांति तथा स्थायित्व को बनाए रखने के लिए कश्मीर मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के तहत सुलझाने की जरूरत है।

pak india flag- India TV Hindi
pak india flag

इस्लामाबाद: रूस और चीन सहित छह देशों के हस्ताक्षर किए हुए संयुक्त घोषणापत्र में कहा गया है कि वैश्विक और क्षेत्रीय शांति तथा स्थायित्व को बनाए रखने के लिए कश्मीर मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के तहत सुलझाने की जरूरत है। ‘डॉन न्यूज’ की खबर के मुताबिक अफगानिस्तान, चीन, ईरान, रूस, तुर्की के शीर्ष सांसदों ने यहां इस्लामाबाद में पाकिस्तान की मेजबानी में आयोजित दो दिवसीय बैठक में हिस्सा लिया। बैठक का समापन कल संयुक्त घोषणापत्र जारी करने के बाद हुआ। 

शीर्ष सांसदों की ओर से जारी संयुक्त घोषणा पत्र में कहा गया है, ''हम इस बात पर सहमत हुए हैं कि वैश्विक और क्षेत्रीय सुरक्षा तथा स्थायित्व के लिए कश्मीर का मुद्दा भारत और पाकिस्तान के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के अनुसार सुलझाए जाने की जरूरत है।'' 

सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि रूस के प्रतिनिधियों ने यहां कश्मीर का मुद्दा शामिल करने पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद ईरान और अफगानिस्तान ने भी इसको लेकर एतराज जताया। सूत्रों ने बताया कि कश्मीर से जुड़े खंड की भाषा पर ईरान को एतराज था। 

रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तानी पक्ष ने कहा कि रूस, ईरान और तुर्की ने अपने राजनीतिक हितों इराक और सीरिया में संकट, पश्चिम एशिया और अल-कुद्स की समस्या और तुर्की में सत्ता पलट की विफल कोशिश जैसे मुद्दे उठाए तो ऐसे में पाकिस्तान के लिए कश्मीर का मुद्दा उठाना लाजिमी था। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि अफगानिस्तान के प्रतिनिधियों को कश्मीर मुद्दे को बातचीत में शामिल करने पर रजामंद करना सबसे मुश्किल था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश