उत्तर कोरिया का नेता किम जोंग उन 12 जून को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ होने वाली बैठक के चलते सिंगापुर पहुंच चुके हैं। दोनों ही देशों के बीच 12 जून को ऐतिहासिक बैठक होने वाली है। वहीं दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्यापार और उत्तर अमेरिकी मुक्त व्यापार समझौता (नाफ्टा) जैसे मुद्दों पर कनाडा के साथ तनाव के बीच शनिवार को जी7 सम्मलेन से सिंगापुर के लिए रवाना हो गए। दोनों नेताओं के बीच मुलाकात सिंगापुर के सैंटोसा द्वीप पर कपैला होटल में होगी। जहां उम्मीद जताई जा रही है कि उत्तर कोरिया के परमाणु निरस्त्रीकरण को लेकर अमेरिका किम जोंग-उन से बात कर सकते हैं। (किम जोंग उन से मुलाकात को लेकर काफी उत्साहित हैं अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप )
खबरों की माने तो, बताया जा रहा है कि किम एयर चाइना के विमान से सिंगापुर पहुंचे हैं। सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बालाकृष्णन ने किम संग अपनी फोटो ट्वीट कर उनके सिंगापुर पहुंचने की पुष्टि की। किम जोंग उन का विमान रविवार दोपहर सिंगापुर के चांगी एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। वहीं दूसरी ओर ट्रंप ने किम के साथ मुलाकात को लेकर हाल ही में कहा कि, उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग - उन के साथ उनकी बैठक के दौरान उन्हें एक मिनट में ही इस बात का पता चल जाएगा कि शांति के लिये उनके इस ‘‘ एक मात्र प्रयास ’’ के भविष्य में सफल होने के आसार है या नहीं।
उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में कहा , ‘‘ मुझे लगता है कि किम जोंग - उन अपने लोगों के लिए अच्छा करना चाहते हैं और उनके पास ऐसा करने का अवसर है यह एकमात्र मौका है। ’’ट्रम्प ने कहा कि उत्तर कोरिया ‘‘ हमारे साथ बेहद अच्छा काम कर रहा है। ’’