1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. कभी पेट्रोल से अरबों डॉलर कमाने वाले ISIS आतंकवादी क्यों बेच रहे हैं मछली, जानिए

कभी पेट्रोल से अरबों डॉलर कमाने वाले ISIS आतंकवादी क्यों बेच रहे हैं मछली, जानिए

 Written By: India TV News Desk
 Published : Apr 30, 2016 04:05 pm IST,  Updated : Apr 30, 2016 04:05 pm IST

ISIS की कार डीलरशिप और मछली पालन के ज़रिए मासिक कमाई कई डॉलर तक पहुंच जाती है।

iraq- India TV Hindi
iraq

बग़दाद: ISIS की कार डीलरशिप और मछली पालन के ज़रिए मासिक कमाई कई डॉलर तक पहुंच जाती है। सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार इस कट्टरपंथी संगठन की सालाना आय लगभग 2.9 बिलियन डॉलर के करीब है जिसमें से ज्यादातर इराक़ और सीरिया में तेल और गैस इंस्टॉलेशन के ज़रिए होती है। आपको बता दें कि जब से अमेरिका की अगुवाई वाले दल ने इस्लामिक स्टेट के आर्थिक ढांचे को निशाना बनाना शुरू किया तब से इस संगठन के तेल निकालने, उसे रिफाइन करने और उसके लाने जाने की क्षमता में कमी आई है। बताया जा रहा है कि इस वजह से इस्लामिक स्टेट के लड़ाकुओं की कमाई में भी कटौती हुई है।

हालांकि इराक़ के एक तिहाई हिस्से पर काबिज़ इन आतंकियों ने इस नई मुश्किल से निपटने का रास्ता भी अपना लिया है और कमाई के लिए अब वह खेती जैसे पुराने तरीकों का सहारा ले रहे हैं। इराक़ के सेंट्रल कोर्ट की रिपोर्ट में कहा गया है कि आतंकियों ने दो साल पहले खिलाफत का बिगुल बजाने के बाद अपने मौजूदा वित्तीय तरीकों में बदलाव किया है। जब से सैन्य बलों ने संगठन के तेल के कुओं पर कब्ज़ा जमाया है, इस्लामिक स्टेट ने गैर पारंपरिक तरीकों के जरिए अपने लड़ाकुओं को पैसे देने और उनके ऑपरेशन को प्रायोजित करना शुरू कर दिया है।

रिपोर्ट के मुताबिक उत्तरी बग़दाद के तालाबों में मछली पकड़ने के जरिए महीने भर में कई मिलियन डॉलर की कमाई होती है। इलाके के कुछ लोगों ने अपनी खेती डर के मारे छोड़ दी है तो कुछ ऐसे हैं जो हमले से बचने के लिए इस्लामिक स्टेट का सहयोग करने के लिए राज़ी हो गए हैं। इसके अलावा कार डीलरशिप और एक वक्त में इराक़ी सरकार द्वारा चलाई जाने वाली फैक्ट्रियों पर कब्ज़ा जमाने से भी संगठन के आय के साधन बढ़ गए हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक तनख़्वाह के अलावा इस्लामिक स्टेट के लड़ाकुओं को किराया भत्ता, चार बच्चों के लिए आर्थिक ईनाम और वक्त वक्त पर बोनस भी दिया जाता है जैसे 2014 में मोसुल पर कब्ज़ा जमाने के बाद आतंकियों को एक हज़ार डॉलर का इनाम दिया गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश