कराची: पाकिस्तान की एक अदालत ने विवादास्पद फिल्म मालिक से आज प्रतिबंध हटा लिया । फिल्म में राजनीतिग्यों की खराब छवि दिखाने और सेना का महिमामंडन करने से सरकार नाराज थी। सिंध हाई कोर्ट ने फिल्म मालिक पर सरकार के प्रतिबंध को गैरकानूनी घोषित किया और कहा कि इसे देश में दिखाया जा सकता है।
सरकार ने आठ अप्रैल को फिल्म मालिक पर देश भर में प्रतिबंध लगा दिया था। प्रतिबंध लगाने के समय फिल्म को दो सप्ताह से सिनेमाघरों में दिखाया जा रहा था। उस समय फिल्म अच्छा कारोबार कर रही थी। नेताओं द्वारा किये जाने वाले भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरपयोग पर फिल्म केंद्रित है। अशीर अजीम द्वारा बनाई गई इस फिल्म में भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ सेना और सुरक्षा एजेंसियों की भूमिका पर प्रकाश डाला गया है।
अजीम ने अदालत में प्रतिबंध को यह कहते हुये चुनौती दी थी कि इस तरह की कार्रवाई सिर्फ सेंसर बोर्ड कर सकता है। पाकिस्तान के विशेष बलों ने फिल्म की शूटिंग के लिए इसके निर्माण में लगे सदस्यों को उन्नत हथियार, गोला बारूद और प्रशिक्षण समेत व्यापक समर्थन प्रदान किया था।