काठमांडू: नेपाल के आंदोलनकारी मधेसी दलों ने बुधवार को होने वाले स्थानीय स्तर के चुनावों के दूसरे चरण में भाग लेने पर सहमति जताई है। गृहमंत्री जनार्दन शर्मा ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रीय जनता पार्टी नेपाल (RJPN), मधेसी पार्टी और बिप्लव नीत माओवादी पार्टी ने चुनाव के लिए उम्मीदवार उतारे हैं।
उन्होंने कहा, ‘सरकार ने 28 जून को होने वाले स्थानीय चुनावों के दूसरे चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पुख्ता सुरक्षा योजना बनाई है।’ प्रांत संख्या एक, पांच और सात के 35 जिलों की 334 स्थानीय इकाइयों में स्थानीय चुनावों का दूसरा चरण चल रहा है।
शर्मा ने कहा कि सरकार आवश्यक सुरक्षा और जरूरी संख्या में सशस्त्र पुलिस बल समेत सभी सुरक्षा बलों को मुहैया कराने के लिए पूरी तरह तैयार है और मतदाताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नेपाल सेना के जवानों को लगाया जाएगा। सुरक्षा बंदोबस्त तीन स्तरीय होंगे। उन्होंने आम जनता से भी बिना डर के मतदान करने की अपील की।