काठमांडो: नेपाल में नए संविधान के मसौदे तथा लिपू-लेख दर्रे के जरिए सीमा व्यापार को बढ़ाने के लिए भारत और चीन के बीच समझौते का विरोध करते हुए माओवादियों के एक धड़े द्वारा आहूत हड़ताल के दौरान आज कई वाहनों को आग लगा दी गई और स्कूलों और दुकानों को जबरन बंद कराया गया। पुलिस ने करीब 200 माओवादी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।
नेत्र विक्रम चंद के नेतृत्व वाले सीपीएन-माओवादी :चंद: ने बंद का आह्वान किया है। बंद के कारण काठमांडो और दूसरे प्रमुख शहरों में सड़कों से सार्वजनिक यातायात बंद रहे, जबकि बड़े बजारों और शैक्षणिक संस्थानों को जबरन बंद करवाया।
काठमांडो ओर आसपास के इलाकों में हिंसा को रोकने के लिए सैकड़ो पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। इसी साल अप्रैल में आए विनाशकारी भूकंप के बाद नेपाल में यह पहली राष्ट्रव्यापी हड़ताल थी।