इस्लामाबाद: जैश-ए-मोहम्मद के चीफ और पठानकोट आतंकी हमले मास्टरमाइंड मौलाना मसूद अजहर ने चीन की खूब तारीफ की है और पाकिस्तान को धमकी दी है। मौलाना मसूद अजहर ने अपनी प्रोपेगेंडा वेबसाइट अलकलाम और रंगोनूर पर एक आर्टिकल लिखा है जिसमें उसने चीन का शुक्रिया किया है क्योंकि चीन ने UN में मसूद अजहर को ग्लोबल टेररिस्ट घोषित करने की भारत की अपील को वीटो किया था। इसके साथ ही मसूद अजहर ने नवाज शरीफ सरकार को धमकाया है कि अगर जैश के खिलाफ कार्रवाई नहीं रोकी तो अंजाम अच्छा नहीं होगा।
चीन ने मुझे बचाया: मसूद अजहर
जैश का चीफ मसूद अजहर पाकिस्तान में खुलेआम जहर उगल रहा है। आज मसूद अजहर का चार पेज का आर्टिकल उसी की प्रोपेगेंडा वेबसाइट पर सामने आया। मसूद अजहर ने अपने आर्टिकल में साफ लिखा है कि चीन ने जो कुछ किया वो उसके लिए शुक्रगुजार है।
मसूद अजहर ने कहा, ''जब इंडिया और उसके एजेंट्स ने दबाव बनाया तो पाकिस्तान की नवाज शरीफ सरकार ने भी गुजरांवाला में केस दर्ज कर लिया..जैश के लोगों को अरेस्ट किया ऐसे वक्त में चीन खड़ा हुआ। पाकिस्तान में बैठे कुछ लोगों की मदद से भारत ने उसके खिलाफ यूएन में अपील की थी लेकिन चीन ने भारत की सारी मेहनत पर पानी फेर दिया।'' मसूद ने नवाज़ शरीफ से कहा कि वो अमेरिका और भारत के दबाव में झुक गए हैं इसीलिए जैश के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। नवाज़ शरीफ को चीन के राष्ट्रपति से सबक लेना चाहिए।
‘जैश पर कार्रवाई की, तो अंजाम भुगतना होगा’
मसूद अजहर ने रंगोनूर नाम की मैगजीन में मजबूत नाम से आर्टिकल लिखा इसमें नवाज शरीफ के खिलाफ काफी कुछ कहा है। मसूद ने कहा, ''नवाज़ शरीफ को उनके किए की सज़ा मिलनी शुरू हो चुकी है। जैश के खिलाफ कार्रवाई, उसे दबाने कुचलने का बदला ऊपरवाला ले रहा है इसी का नतीजा है कि नवाज शरीफ और उनका परिवार पनामा पेपर लीक की फाइनेंशियल डीलिंग के फेर में ऐसा फंसा कि सब लोग उन्हें कोस रहे हैं।'' मसूद बोला कि चीन की दोस्ती पाकिस्तान से है लेकिन पाकिस्तान दोस्ती का फर्ज नहीं निभा रहा। चीन दोस्ती का सबूत दे रहा है लेकिन पाकिस्तान भारत के प्रोपेगेंडा में फंस चुका है।
मसूद ने ये भी कहा पठानकोट आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान में भारत का समर्थन करने वाले लोग उसे फंसाना चाहते थे। उन्होंने जिहादियों के खिलाफ आंदोलन शुरू कर दिया सियालकोट, मुल्तान, गुजरानवाल, लाहौर आदि में छापे मारे गए और कई गिरफ्तारियां हुईं लेकिन कोई कुछ बिगाड़ नहीं पाया। मसूद के आर्टिकल में पाकिस्तान की जांच टीम का जिक्र हुआ। कहा गया कि जांच टीम को मसूद अजहर के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला। मसूद ने पाकिस्तान की मीडिया पर भी हमला बोला। मसूद ने कहा कि पाकिस्तान की मीडिया ने उसे डबल एजेंट करार दे दिया।