1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. नेपाल में सेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त, पायलट की मौत

नेपाल में सेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त, पायलट की मौत

 Written By: IANS
 Published : May 30, 2017 09:14 pm IST,  Updated : May 30, 2017 09:14 pm IST

पश्चिमी नेपाल के मरतडी जनपद के कोल्टी स्थित हवाईअड्डे पर मंगलवार को दोपहर बाद सेना का एक चार्टेड विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान के पायलट महासेनानी कर्नल कैलाश गुरुंग की मौत हो गई

Nepal plane crash- India TV Hindi
Nepal plane crash Image Source : IANS

कंचनपुर (नेपाल): पश्चिमी नेपाल के मरतडी जनपद के कोल्टी स्थित हवाईअड्डे पर मंगलवार को दोपहर बाद सेना का एक चार्टेड विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान के पायलट महासेनानी कर्नल कैलाश गुरुंग की मौत हो गई, जबकि एक महिला मेजर और एक सूबेदार गंभीर रूप से घायल हो गए। नेपाल में कर्नल कैलाश गुरुंग को महासेनानी का दर्जा प्राप्त था। उन्हें वीरता के कई पुरस्कार मिले थे। उनके निधन से नेपाल में शोक छा गया। 

बाजुरा के डीएसपी दल बहादुर बोगटी ने संवाददाताओं को बताया कि अपराह्न् दो बजे सेना का चार्टेड विमान एनए48 कलसाइन पश्चिमी नेपाल के ही सुर्खेत से हुमला स्थित सैन्य शिविर के लिए खाद्य सामग्री लेकर जा रहा था। हुमला में मौसम खराब होने के कारण विमान के चालक 48 वर्षीय कर्नल कैलाश गुरुंग ने विमान को पास के ही बाजुरा एअरपोर्ट पर उताराने का प्रयास किया। हवा के तेज झोंकों के कारण विमान हवाईपट्टी से फिसलकर खेतों में जाकर पलट गया, जिससे विमान में आग लग गई।

पुलिस अधिकारी दल बहादुर बोगटी ने बताया कि विमान चालक कर्नल कैलाश गुरुं ग की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि विमान की को-पायलट मेजर अनिता तथा एक सूबेदार पूर्ण खड़का गंभीर रूप से घायल हो गए। बोगटी के मुताबिक, दोनों घायलों को हवाई मार्ग से कोहलपुर स्थित सेना के अस्पताल ले जाया गया। विमान में सेना के ये तीन अधिकारी ही सवार थे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश