1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. 'नवाज-मोदी मुलाकात का शांति पर दूरगामी असर'

'नवाज-मोदी मुलाकात का शांति पर दूरगामी असर'

 Written By: IANS
 Published : Dec 27, 2015 06:59 pm IST,  Updated : Dec 27, 2015 06:59 pm IST

इस्लामाबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के उनके समकक्ष नवाज शरीफ के बीच मुलाकात का क्षेत्र की शांति प्रक्रिया पर दूरगामी प्रभाव पड़ेगा। यहां के मीडिया और कई देशों से मिली प्रतिक्रियाओं में यह बात

modi and nawaz- India TV Hindi
modi and nawaz

इस्लामाबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के उनके समकक्ष नवाज शरीफ के बीच मुलाकात का क्षेत्र की शांति प्रक्रिया पर दूरगामी प्रभाव पड़ेगा। यहां के मीडिया और कई देशों से मिली प्रतिक्रियाओं में यह बात कही गई है।

पाकिस्तानी समाचार पत्र 'द नेशन' की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की मुलाकात का भारत और पाकिस्तान दोनों देशों के राजनेताओं ने स्वागत किया है और संयुक्त राष्ट्र, अमेरिका, चीन और अन्य देशों ने इसे एक सकारात्मक विकास करार दिया है और कहा कि इसका क्षेत्रीय शांति पर दूरगामी प्रभाव पड़ेगा।

चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लू कंग ने कहा, "दक्षिण एशिया में भारत और पाकिस्तान का अहम स्थान है।" उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंधों में सुधार क्षेत्रीय स्थिरता, शांति और विकास के लिए महत्वपूर्ण है।

अमेरिकी विदेश विभाग ने पाकिस्तान की ओर मोदी के संधि प्रस्ताव को समूचे क्षेत्र के हित में बताया है। विदेश विभाग के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने शनिवार को कहा, "हम 25 दिसम्बर को लाहौर में प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री शरीफ की मुलाकात का स्वागत करते हैं। पड़ोसियों के बीच अच्छे संबंध पूरे क्षेत्र के हित में है।"

शरीफ के विदेशी मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने कहा कि मोदी की यह लाहौर यात्रा अनियोजित थी। मोदी ने इसकी घोषणा ट्विटर के जरिए की थी। मोदी ने लिखा था, "आज दोपहर लाहौर में प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से मुलाकात को उत्सुक, जहां मैं दिल्ली लौटते समय रुकूंगा।" मोदी के इस ट्वीट के कुछ ही मिनटों बाद विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट किया, "यह हुई राजनेता वाली बात। पड़ोसी से ऐसा ही रिश्ता होना चाहिए।"

पाकिस्तान के अन्य राजनीतिक दलों ने भी इस कदम का स्वागत करते हुए इससे दोनों देशों के रिश्ते सामान्य होने की उम्मीद जताई। दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच एक महीने के भीतर यह दूसरी मुलाकात है। इससे पहले दोनों की मुलाकात पेरिस में 30 नवम्बर को जलवायु परिवर्तन सम्मेलन से अलग हुई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश