उलान बतोर: 3 देशों की यात्रा में मंगोलिया प्रधानंमत्री मोदी का दूसरा पड़ाव है। मंगोलिया में लोकतंत्र की 25वीं सालगिरह के ऐतिहासिक मौके पर पहुंचे मोदी पहली बार वहां की संसद को संबोधित किया। छुट्टी होने के बाद भी मोदी के सम्मान में आज संसद खुली रहेगी।
दोनों देशों के बीच हुई शिकर वार्ता के दौरान 14 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। पीएम मोदी ने कहा कि आर्थिक साझेदारी को नए स्तर पर ले जाएंगे।
पीएम ने शानदार स्वागत के लिए मंगोलिया का शुक्रिया और कहा कि "मंगोलिया भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी का अहम हिस्सा है।"
नरेंद्र मोदी ने कहा कि, "हमारी दुनिया में मंगोलिया लोकतंत्र की नई चमकी रोशनी है।"
उन्होंने कहा कि भारत-मंगोलिया एक दूसरे के आध्यात्मिक पड़ोसी हैं और दोनों देशों के आपसी संबंध भावनात्मक रूप से कालातीत हैं।
मोदी ने कहा, "दिल और दिमाग के रिश्ते में दूरियों को मिटा देने की ताकत होती है।"
उन्होंने कहा, "हमारा मानवीय रिश्ता भले ही बहुत मजबूत है, लेकिन हमारे बीच आर्थिक संबंध मामूली रहे हैं।"
मोदी ने आशा जताई कि नई दिल्ली एवं उलान बतोर के संबंध नए युग में हर अवसर के साथ मजबूत होंगे।
प्रधानमंत्री ने मंगोलिया को 1 अरब डॉलर की मदद का ऐलान किया और साथ ही मंगोलिया की साइबर सिक्योरिटी में भी मदद करने की बात कही। दोनों देशों के बीच इन 14 अहम समझौतों पर हस्ताक्षर हुए।
संसद को संबोधित करने से पहले नरेंद्र मोदी ने मंगोलिया की राजधानी उलान बतोर स्थित ऐतिहासिक गंदन मठ का दौरा किया और बौद्ध मठ के मुख्य महंत को बोधि वृक्ष का पौधा भेंट किया। उन्होंने मठ में धूप भी जलाया, जिसे गंदनटेगचिंलेन मठ के नाम से भी जाना जाता है।
मठ के मुख्य महंत हांबा लामा ने मोदी का स्वागत किया और उन्हें नीले रंग का एक स्कार्फ एवं प्रतीक चिन्ह भेंट किया।
मोदी ने मठ में 150 बौद्धभिक्षुओं से मुलाकात की संग्रहालय में बौद्ध अवशेषों का मुआयना भी किया।
गंदनटेगचिंलेन मठ की स्थापना 1835 ईस्वी में मंगोलिया के सर्वोच्च अवतरित लामा पांचवें जेबत्सुनदांबा ने की थी।
मंगोलिया में ज्यादातर बौद्ध मठ साम्यवादी साम्राज्य के दौरान नष्ट कर दिए गए थे। सन 1990 में खत्म हुए साम्यवादी साम्राज्य में यहां सिर्फ एक ही मठ शेष रह गया था, जो गंदन मठ है।
नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति साखिगिन के साथ रात्रिभोज भी करेंगे। मोदी एक सूचना प्रौद्योगिकी केंद्र की आधारशिला रखेंगे और एक नादम समारोह में हिस्सा लेंगे।
मोदी उलान बटोर में भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे और मंगोलिया से दक्षिण कोरिया के लिए रवाना होंगे।