नई दिल्ली: चीन और मंगोलिया की सफल दौरे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिण पहुंच गए हैं। बतौर प्रधानमंत्री दक्षिण कोरिया की ये उनकी पहली यात्रा है, हालांकि गुजरात के सीएम के तौर पर वो दक्षिण कोरिया की यात्रा कर चुके हैं। सिओल पहुंच कर नरेंद्र मोदी आज दक्षिण कोरिया की राष्ट्रपति पार्क ग्यून हाई से मुलाकात करेंगे।
दक्षिण कोरिया भले ही छोटा देश है लेकिन आर्थिक प्रगति की वजह से वो आज दुनिया के विकसित देशों की कतार में खड़ा होता है। आज सियोल में पीएम मोदी बिजनेस लीडर्स से मिलेंगे, साथ ही कई समझौतों पर दस्तखत होने की भी उम्मीद है।
दक्षिण कोरिया में पीएम मोदी का एजेंडा:
दक्षिण कोरिया का भारत के साथ रणनीतिक और आर्थिक संबंध काफी पहले से है। दक्षिण कोरिया की कई कंपनियां सालों से भारत में कारोबार कर रही हैं। ऐसे में मोदी की यात्रा के दौरान कई समझौते होने की उम्मीद है।
पीएम मोदी के दौरे में दक्षिण कोरिया के साथ डबल टैक्सेशन रोकने पर समझौता हो सकता है। इसके अलावा शिपिंग, ट्रांसपोर्ट, हाईवे के क्षेत्र में भी समझौता होने की उम्मीद है। दोनों देशों के बिजनेस लीडर्स की मीटिंग में ऊर्जा के क्षेत्र में अहम समझौता हो सकता है। इस दौरे में मेक इन इंडिया पर भी सहमति बन सकती है।
पीएम मोदी का सियोल में का कार्यक्रम:
पीएम सबसे पहले सियोल नेशनल सेमेट्री में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने जाएंगे।
भारतीय समय के मुताबिक सुबह 10 बजकर 20 मिनट पर भारतीय समुदाय के लोग पीएम मोदी का क्यूंग ही यूनिवर्सिटी में स्वागत करेंगे।
सुबह साढ़े 11 बजे पीएम मोदी का ग्रैंड गार्डन में आधिकारिक स्वागत होगा।
11:45 बजे मोदी और दक्षिण कोरिया की राष्ट्रपति पार्क ग्यून हाई के बीच सीधी बातचीत होगी।
दोपहर 12 बजकर 10 मिनट पर दोनों देशों के बीच डेलिगेशन लेवल बातचीत होगी। जिसके बाद 1 बजे समझौतों पर दस्तखत होंगे और प्रेस स्टेटमेंट जारी होगा
2:30 बजे मोदी यूएन सेक्रेटरी जनरल बान की मून से मिलेंगे।
भारतीय समय के मुताबिक दोपहर 3 बजे साउथ कोरिया की राष्ट्रपति मोदी के सम्मान में डिनर देंगी।