1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान: पूर्व पीएम नवाज शरीफ और उनकी बेटी मरियम लाहौर एयरपोर्ट पर गिरफ्तार

पाकिस्तान: पूर्व पीएम नवाज शरीफ और उनकी बेटी मरियम लाहौर एयरपोर्ट पर गिरफ्तार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 13, 2018 10:45 pm IST,  Updated : Jul 13, 2018 11:50 pm IST

भ्रष्टाचार के एक मामले में दोषी करार दिये जाने के बाद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और उनकी बेटी मरियम को आज रात देश लौटते ही गिरफ्तार कर लिया गया।

Nawaz Sharif, daughter arrested in graft case as they return to Pakistan - India TV Hindi
Nawaz Sharif, daughter arrested in graft case as they return to Pakistan 

लाहौर: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और उनकी बेटी मरियम को आज रात स्वदेश लौटते ही गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पहले देश के इस प्रभावशाली परिवार को उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के तीन मामलों में से एक में दोषी करार दिया गया था। पाकिस्तान में चुनाव होने में दो सप्ताह से भी कम समय बचा है। शरीफ और मरियम को लेकर विमान भारतीय समयानुसार रात करीब सवा नौ बजे लाहौर के अल्लामा इकबाल हवाई अड्डे पर उतरा। विमान अपने निर्धारित समय से करीब तीन घंटे देरी से पहुंचा। 

एतिहाद एयरवेज की उड़ान ई वाई 243 अबू धाबी से यहां पहुंची। यहां आने से पहले शरीफ और उनकी बेटी लंदन से संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी पहुंचे थे। शरीफ की पत्नी कुलसुम गले के कैंसर से पीड़ित हैं और वह लंदन के अस्पताल में जिदंगी की जंग लड़ रही हैं। हवाई अड्डे के एक अधिकारी के अनुसार दोनों ने देश की भ्रष्टाचार निरोधक इकाई राष्ट्रीय जवादेही ब्यूरो के समक्ष बिना किसी विरोध के आत्मसमर्पण कर दिया। शरीफ ने हवाई अड्डा टर्मिनल जाने के लिए रेंजर्स के वाहन में बैठने से इनकार कर दिया। संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) के अधिकारी उनके पासपोर्ट आव्रजन के लिए ले गए। 

मीडिया की खबरों के अनुसार शरीफ के विमान के हवाई अड्डा पहुंचने पर बड़ी संख्या में सुरक्षा अधिकारी विमान में दाखिल हो गए और उन्होंने अन्य यात्रियों से जाने के लिए कहा। दोनों के पासपोर्ट को एफआईए की टीम ने जब्त कर लिया और दोनों को शरीफ की मां बेगम शमीम अख्तर से हज लाउंज में भेंट करने दिया गया। दोनों को गत छह जुलाई को लंदन में चार आलीशान फ्लैटों की मिल्कियत से जुड़े एवेनफील्ड संपत्ति मामले में दोषी ठहराया गया था।

 

शरीफ (68)और उनकी बेटी मरियम (44) को एक जवाबदेही अदालत ने क्रमश: दस और सात साल की कैद की सजा सुनायी है। शरीफ का परिवार जवाबदेही अदालत में भ्रष्टाचार के दो और मामलों ...अल अजीजिया स्टील मिल्स और फ्लैगशिप इंवेस्टमेंट्स.. का सामना कर रहा है। इसमें उन पर धनशोधन, कर चोरी और विदेशों में सम्पत्ति छुपाने का आरोप है। डान की खबर के अनुसार शरीफ और मरियम को बाद में एक विशेष निजी विमान से इस्लामाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भेज दिया गया। इस्लामाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचने पर उन्हें या तो अदियाला जेल या एटॉक जेल ले जाया जाएगा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश