1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पठानकोट हमले की जांच रिपोर्ट जल्द होगी सार्वजनिक: नवाज शरीफ

पठानकोट हमले की जांच रिपोर्ट जल्द होगी सार्वजनिक: नवाज शरीफ

 Written By: Bhasha
 Published : Jan 31, 2016 08:50 am IST,  Updated : Jan 31, 2016 08:50 am IST

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कहा है कि पठानकोट आतंकवादी हमले की अपनी जांच उनका देश जल्द ही पूरी करेगा और इसे सार्वजनिक करेगा।

nawaz sharif- India TV Hindi
nawaz sharif Image Source : PTI

लाहौर: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कहा है कि पठानकोट आतंकवादी हमले की अपनी जांच उनका देश जल्द ही पूरी करेगा और इसे सार्वजनिक करेगा। उन्होंने बताया कि हमले से भारत के साथ वार्ता में खलल पड़ी है, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के बाद सही दिशा में बढ़ रही थी। शरीफ ने कहा कि पठानकोट घटना की जांच जारी है और हम इसके नतीजों को जल्द ही सार्वजनिक करेंगे। उन्होंने कहा कि जो कुछ भी तथ्य सामने आएगा, उसे हम हर किसी के सामने रखेंगे।

शरीफ ने संकल्प लिया कि पाकिस्तान जैश ए मोहम्मद आतंकवादियों द्वारा दो जनवरी को पठानकोट वायुसेना ठिकाने पर हुए हमले में अपनी सरजमीं का कथित इस्तेमाल किए जाने पर से पर्दा हटाने के लिए किसी भी हद तक जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि हमले में हमारी सरजमीं का इस्तेमाल हुआ है तो यह हमारी जिम्मेदारी है कि उस पर से पर्दा हटाया जाए। हम इसे करेंगे और जारी जांच जल्द ही पूरी होगी। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों को शिकस्त दी जा रही है और वे हताश हैं। वे लोग अपनी मौजूदगी महसूस कराने के लिए छिटपुट हरकतें कर रहे हैं। शेष बचे हुए लोगों का भी सफाया कर दिया जाएगा।

इस बीच, पंजाब के कानून मंत्री राना सनाउल्ला ने बताया कि हमले के सिलसिले में गिरफ्तार किसी भी संदिग्ध के खिलाफ आरोप नहीं लगाए गए हैं। सनाउल्ला ने बताया कि जांच टीम मामले की जांच कर रही है और इसके नतीजे सार्वजनिक किए जाएंगे। हमले से जैश ए मोहम्मद का कोई संपर्क स्थापित होने के बारे में एक सवाल पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि जांच टीम इसकी भी छानबीन कर रही है। शरीफ ने पंजाब के आतंकवाद रोधी विभाग के अतिरिक्त महानिदेशक के नेतृत्व वाली छह सदस्यीय एक समिति का गठन किया है जो हमले की जांच करेगी। इस हमले में सात सुरक्षाकर्मी मारे गए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश