काठमांडू: नेपाल के पर्वतीय क्षेत्र में उड़ान भरते समय आज एक छोटा विमान खराब मौसम की बजह से दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसमें 2 विदेशी नागरिकों समेत 23 लोग सवार थे। नेपाल के पर्यटन मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि, लापता विमान का मलबा मिला गया है जिसमें सवार सभी 23 लोगों की मौत हो गई है।
तारा एयर का ट्विन-ओट्टर विमान पोखरा हवाईअड्डे से जोमसोम के लिए उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद लापता हो गया था।
पोखरा राजधानी काठमांडो के 200 किलोमीटर पश्चिम में स्थित एक रिसॉर्ट कस्बा है। कई लोग हिमालय में ट्रेकिंग की शुरूआत जोमसोम से करते हैं।
अधिकारियों ने कहा कि विमान में दो विदेशियों और दो बच्चों समेत 20 यात्री सवार थे। विमान में चालक दल के 3 सदस्य सवार थे। बाद में एक यात्री के चीनी और एक अन्य यात्री के कुवैती नागरिक होने की पुष्टि हुई। शेष सभी यात्री नेपाल के नागरिक हैं और विमान में 2 बच्चे भी सवार थे।
पोखरा जोनल पुलिस थाने के एक पुलिस अधिकारी ने स्थानीय लोगों के हवाले से बताया था कि विमान के उत्तरी नेपाल में मुस्तांग और म्याग्दी जिले के बीच स्थित दाना गांव में दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका थी।
तलाश अभियानों के लिए काठमांडो से तीन हेलीकॉप्टर भेजे गए हैं और नेपाली सेना, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाली पुलिसकर्मियों को भी इसी मकसद से भेजा गया है।