1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. नेपाल में इस्राइली नागरिकों को बचाने के लिए नेतन्याहू ने मोदी का शुक्रिया अदा किया

नेपाल में इस्राइली नागरिकों को बचाने के लिए नेतन्याहू ने मोदी का शुक्रिया अदा किया

 Written By: PTI
 Published : Dec 01, 2015 08:08 pm IST,  Updated : Dec 01, 2015 08:08 pm IST

इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस साल नेपाल में आए भूकंप के बाद बचाव अभियान के दौरान कई इस्राइली पर्यटकों की जान बचाने और सहयोग देने के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रिया अदा किया।

narendra modi and netanyahu- India TV Hindi
narendra modi and netanyahu Image Source : GOOGLE

यरूशलम: इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस साल नेपाल में आए भूकंप के बाद बचाव अभियान के दौरान कई इस्राइली पर्यटकों की जान बचाने और सहयोग देने के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रिया अदा किया।

कल पेरिस जलवायु परिवर्तन सम्मेलन से इतर मोदी से मुलाकात में नेतन्याहू ने कहा, मुझे यह भी कहना है कि नेपाल की आपदा में आपका सहयोग शानदार था। इस्राइली प्रधानमंत्री ने इस्राइली लोगों के बचाव में मदद के लिए हेलीकॉप्टर मुहैया कराने और इस्राइली राहत विमानों को भारत में उतरने की अनुमति देने के लिए राहत अभियानों के दौरान भी मोदी का फोन पर शुक्रिया अदा किया था।

नेपाल में अप्रैल और मई में आये दो भयावह भूकंपों के दौरान वहां करीब 700 इस्राइली पर्यटक थे। नेतन्याहू ने उन्हें और इस्राइली राष्ट्रपति को आमंत्रित करने के लिए भी मोदी को धन्यवाद दिया और कहा कि वह इस ऐतिहासिक यात्रा को लेकर आशान्वित हैं। उन्होंने कहा, ‘हमारे रिश्ते बहुत अच्छे हैं तथा इन्हें और बेहतर बनाया जा सकता है।’

भारतीय प्रधानमंत्री ने इस संवाद पर प्रसन्नता व्यक्त की। मोदी ने नेतन्याहू से कहा, ‘मैं इस बात से खुश हूं कि हम अकसर टेलीफोन पर आसानी से बात कर सकते हैं। हम हर विषय पर बात कर सकते हैं। ऐसा विरले ही हुआ है। आपके मामले में ऐसा हुआ है।’

इस्राइली प्रधानमंत्री ने फौरन जवाब दिया कि आपके मामले में भी ऐसा हुआ है। दोनों नेताओं के बीच का तालमेल पहले भी स्थानीय मीडिया में सुर्खियां बटोर चुका है।

नेतन्याहू अकसर मोदी को अपना दोस्त बताते रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश