सोल: उत्तर कोरिया ने संभावित उपग्रह प्रक्षेपण के संकेत दिए हैं जिसके बाद अटकलें लगाई जा रही हैं कि वह अगले माह लंबी दूरी का रॉकेट दागने का प्रयास कर सकता है। अगर उत्तर कोरिया ऐसा कोई प्रक्षेपण करता है तो उस पर नए अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं और वर्ष 1950 से 1953 तक चले कोरियाई युद्ध में विभाजित हुए परिवारों का दक्षिण कोरिया के साथ आयोजित किया जा रहा पुनर्मिलन संकट में पड़ सकता है। उत्तर कोरिया ने कहा है कि उसके रॉकेट प्रक्षेपण कार्यक्रम का उद्देश्य शांतिपूर्ण तरीके से उपग्रहों को कक्षा में स्थापित करना है जबकि अमेरिका और उसके सहयोगी इसे छद्म तरीके से किये जाने वाले बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण के तौर पर देखते हैं।
सरकारी समाचार एजेंसी केसीएनए को कल दिए एक साक्षात्कार में उत्तर कोरिया के राष्ट्रीय वैमानिकी विकास प्रशासन के निदेशक ने कहा कि प्योंगयांग नया भू...स्थिर उपग्रह विकसित करने के अंतिम चरण में है। निदेशक को यह कहते हुए उद्धृत किया गया है, दुनिया आसमान में जाते हुए उपग्रहों की श्रृंखला स्पष्ट रूप से देखेगी और :सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी की: केंद्रीय समिति ने जगहों के बारे में विचार किया है। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष संबंधी विकास कार्य संप्रभु अधिकार है और उत्तर कोरिया का इरादा इस अधिकार का उपयोग करने का है। यह बात कोई मायने नहीं रखती कि इसके बारे में दूसरे क्या कहते हैं। निदेशक ने इसके लिए कोई समय नहीं बताया लेकिन अटकलें हैं कि उत्तर कोरिया 10 अक्तूबर को वर्कर्स पार्टी की स्थापना के 70 साल पूरे होने पर एक उपग्रह प्रक्षेपित कर सकता है।