स्योल: उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन ने शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ‘मानसिक विक्षिप्त’ बताकर उनका मजाक उड़ाते हुए चेतावनी दी कि वह उत्तर कोरिया को धमकी देने की भारी कीमत चुकाएंगे। ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र में कहा था कि यदि उत्तर कोरिया ने अमेरिका या सहयोगी देशों पर हमला किया तो उसे पूरी तरह तबाह कर दिया जाएगा। ट्रंप ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने पहले संबोधन में उत्तर कोरिया को चेतावनी देने के दौरान यह कहकर दुनिया को चौंका दिया था कि अगर अमेरिका और उसके सहयोगियों पर हमला किया गया तो वॉशिंगटन उसे पूरी तरह तबाह कर देगा।
प्योंगयांग द्वारा पिछले कुछ समय से चलाए जा रहे परमाणु और मिसाइल कार्यक्रमों की वजह से बढ़ते तनाव के बीच युद्ध के लिए उकसाने वाला यह बयान सामने आया है। उत्तर कोरिया ने तमाम अंतर्राष्ट्रीय प्रतिबंधों को दरकिनार कर अपना छठा और सबसे बड़ा परमाणु परीक्षण किया था और जापान के पर से होकर गुजरने वाली मिसाइलों का प्रक्षेपण किया। उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी KCNA ने किम के हवाले से कहा, ‘मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि अमेरिका में सर्वोच्च कमान का विशेषाधिकार संभाल रहे शख्स को DPRK को पूरी तरह बर्बाद करने का बयान देने के लिए भारी कीमत चुकानी पड़े।’ किम ने ट्रंप द्वारा उनको ‘रॉकेट मैन’ कहे जाने को लेकर उनके मानसिक स्वास्थ्य पर भी सवाल उठाए और कहा, ‘संयुक्त राष्ट्र के मंच पर एक संप्रभु राष्ट्र को पूरी तरह तबाह करने का बयान मानसिक विक्षिप्त अमेरिकी राष्ट्रपति की अनैतिक इच्छा को दर्शाता है।’
उत्तर कोरिया का कहना है कि आक्रामक अमेरिका से बचने के लिए उसे परमाणु प्रतिरोधक क्षमता की जरूरत है और इस तानाशाही निजाम ने सैन्यीकरण को अपनी राष्ट्रीय विचारधारा का केंद्रीय हिस्सा बना लिया है। बयान में इस बात पर जोर दिया गया है कि किम फिलहाल अपने रास्ते से हटने वाले नहीं हैं। किम ने कहा कि ट्रंप की टिप्पणी ने, मुझे डराने या रोकने के बजाय इस बात के लिए संतुष्ट किया कि जो रास्ता मैंने चुना है वह सही है और यही वह रास्ता है जिस पर मुझे अंत तक चलना है।