1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. साउथ कोरिया भाग रहे जवान को नॉर्थ कोरिया की सेना ने गोली मारी

साउथ कोरिया भाग रहे जवान को नॉर्थ कोरिया की सेना ने गोली मारी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 13, 2017 08:58 pm IST,  Updated : Nov 13, 2017 08:58 pm IST

उत्तर कोरिया के एक सैनिक को उसकी अपने ही देश की सेना ने गोली मारकर घायल कर दिया...

North Korean soldier shot and wounded | AP Photo- India TV Hindi
North Korean soldier shot and wounded | AP Photo

स्योल: उत्तर कोरिया के एक सैनिक को उसकी अपने ही देश की सेना ने गोली मारकर घायल कर दिया। दरअसल, यह सैनिक उत्तर कोरिया से भागकर दक्षिण कोरिया जाने की कोशिश कर रहा था। यह घटना सोमवार की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तर कोरियाई सेना ने इस सैनिक को उस समय गोली मारकर घायल कर दिया जब वह एक विसैन्यीकृत क्षेत्र से होकर दक्षिण कोरिया जाने की कोशिश कर रहा था। यह जानकारी दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स आफ स्टाफ (JCS) ने दी है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह सैनिक हालांकि घायल हो गया लेकिन दक्षिण कोरिया पहुंचने में सफल रहा। रिपोर्ट्स में बताया गया है कि सैनिक को घायल अवस्था में विसैन्यीकृत क्षेत्र की सीमा से लगभग 50 मीटर अंदर दक्षिण कोरिया की सीमा में पाया गया। सैनिक के कंधे और कोहनी में चोट लगी है। घायल सैनिक को इलाज के लिए दक्षिण कोरिया के एक अस्पताल ले जाया गया है। यह घटना दोनों देशों के संयुक्त सुरक्षा क्षेत्र में हुई है। JCS ने बताया कि खुला इलाका होने के चलते उनके सैनिकों को रेंगकर घायल सैनिक को लाने के लिए जाना पड़ा।

तकनीकी रूप से 70 साल से युद्धरत दक्षिण और उत्तर कोरिया के बीच विसैन्यीकृत क्षेत्र में यही एक मात्र इलाका है जहां दोनों देशों की सेना आमने-सामने खड़ी होती हैं। JCS ने बताया कि उत्तर कोरिया की संभावित उत्तेजक कार्रवाइयों की आशंका के मद्देनजर दक्षिण कोरिया की सेना ने अपनी चौकसी बढ़ा दी है। एक अनुमान के मुताबिक, हर साल औसतन 1,000 उत्तर कोरियाई नागरिक सीमा पार करके दक्षिण कोरिया भाग जाते हैं। इस काम के लिए आमतौर पर वे चीन के रास्ते जाते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश