इस्लामाबाद: भारत के साथ एनएसए लेवल की वार्ता रद्द करने के बाद पाकिस्तान ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ जैसा व्यवहार कर रहा है। पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) सरताज अजीज ने मानो धमकी देते हुए कहा कि पाकिस्तान के पास एटम बम है औऱ वह जानता है कि अपनी सुरक्षा कैसे की जाती है। अजीज ने यह आरोप भी लगाया भारत एक क्षेत्रीय महाशक्ति जैसा व्यवहार कर रहा है।
भारत का व्यवहार महाशक्ति जैसा
'डॉन' के मुताबिक अजीज ने सोमवार को कहा, "मोदी का भारत ऐसे व्यवहार कर रहा है जैसे वह कोई महाशक्ति हो। हम एक परमाणु हथियारों से लैस देश हैं। हमें पता है कि अपनी रक्षा कैसे की जाती है।"
अजीज ने कहा, "हमारे पास इस बात के सबूत हैं जो बताते हैं कि भारतीय एजेंसी रॉ पाकिस्तान में आतंकवाद को हवा दे रही है।"
पाकिस्तान के पास भारत के खिलाफ सबूत
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के पास भारत के आतंकवाद में शामिल होने के सबूत हैं जबकि भारत, पाकिस्तान के खिलाफ महज दुष्प्रचार में लगा हुआ है। अजीज ने कहा, " भारतीयों के लिए हमें सबूत देने के बजाए दुष्प्रचार में लगे रहना अधिक महत्वपूर्ण है।"
अजीज ने कहा कि भारत रिश्तों को अपनी शर्तो पर सामान्य बनाना चाहता है। वह सिर्फ व्यापार और संपर्क की बात करता है। इनके अलावा और मसलों पर बात नहीं करता।
कश्मीर में 7 लाख सैनिक क्यों
अजीज ने पूछा, "अगर भारत के लिए कश्मीर मुद्दा नहीं है तो फिर कश्मीर में 700,000 सैनिक क्यों तैनात हैं।" उन्होंने कहा कि भारत को कश्मीर में जनमत संग्रह कराना चाहिए। लोग अपने भाग्य का फैसला खुद कर लेंगे।
अजीज ने कहा, "ताजा मामले को देखते हुए भारत को यह समझ लेना चाहिए कि उसकी रणनीति अब नहीं चलेगी। उसे अब पाकिस्तान के साथ संवाद के प्रति गंभीर होना होगा।"
पाकिस्तान ने रद्द की थी एनएसए लेवल वार्ता
रविवार को पाकिस्तान ने भारत के साथ होने वाली एनएसए स्तर की वार्ता को यह कह कर रद्द कर दिया था कि भारत की शर्तो के साथ बातचीत नहीं हो सकती। भारत ने कहा था कि वह कोई शर्त नहीं लगा रहा है लेकिन वार्ता से पहले कश्मीर के हुर्रियत नेताओं की अजीज से मुलाकात की पाकिस्तानी इच्छा को पूरा नहीं होने देगा।
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान में हवाई हमलों में 43 आतंकवादियों की मौत