इस्लामाबाद: एक अभूतपूर्व घटनाक्रम में, पाकिस्तान में सेना की एक अदालत ने आज अवैध तरीके से शेयर बाजार में 4.3 अरब रूपये निवेश करने और नेशनल लॉजिस्टिक सेल एनएलसी को 1.8 अरब रूपये के नुकसान के लिए दो पूर्व जनरलों को दंडित किया। सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल असीम सलीम बाजवा ने बताया कि लेफ्टिनेंट जनरल सेवानिवृत्त मोहम्मद अफजल मुजफ्फर और मेजर जनरल सेवानिवृत्त खालिद जहीर अख्तर को शेयर बाजार में 4.3 अरब रूपये निवेश करने और 1.8 अरब रूपये के नुकसान के लिए दंडित किया गया है।
उन्होंने बताया कि मेजर जनरल सेवानिवृत्त अख्तर को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। उनका रैंक, पदक, प्रतिष्ठा, अवार्ड ले लिया गया है और पेंशन की जब्ती कर ली गयी है।
लेफ्टिनेंट जनरल सेवानिवृत्त मुजफ्फर को भी नियम प्रक्रिया का उल्लंघन करने के लिए दंडित किया गया है। एक और अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल सेवानिवृत्त खालिद मुनीर खान किसी वित्तीय अनियमितता या गंभीर कदाचार में संलिप्त नहीं पाए गए, इसलिए उन्हें सभी आरोपों से मुक्त कर दिया गया।