नई दिल्ली: पनामा पेपर्स लीक मामले में खुद और पारिवारिक सदस्यों का नाम सामने आने से पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। आपको जानकर हैरानी होगी कि पनामा मामले में जिन नवाज शरीफ का नाम सामने आया है उनके पास 2 अरब की निजी संपत्ति है। शरीफ पाकिस्तान के सबसे अमीर राजनेता हैं और उनकी संपत्ति में विगत चार वर्षों के दौरान एक अरब से ऊपर की बढ़ोतरी हुई है। यह तथ्य चुनाव आयोग द्वारा जारी एक जानकारी के जरिए सामने आया है, जिसमें नवाज शरीफ ने साल 2015 में कानून के तहत अपनी संपत्ति के बारे में खुलासा किया था।
बहुत तेजी से बढ़ी शरीफ की संपत्ति:
शरीफ द्वारा दी गई जानकारी में जो आंकड़े सामने आए हैं उसके हिसाब से शरीफ और उनकी पत्नी के नाम 2 बिलियन (2 अरब) की संपत्ति है। उनकी संपत्ति में बीते चार सालों में ही एक अरब से ज्यादा का इजाफा हुआ है। हालांकि विदेश में उनकी कोई संपत्ति नहीं है।
कैसे बढ़ी संपत्ति:
साल 2011 में शरीफ की संपत्ति 166 मिलियन (16.6 करोड़) थी, जो कि साल 2012 आते आते 261.6 मिलियन (26.16 करोड़) हो गई। इसके बाद साल 2013 में यह आंकड़ा 1.82 बिलियन (182 करोड़) का हो गया और वो अरबपति हो गए। चुनाव आयोग का कहना है कि शरीफ को अपने बेटे हुसैन शरीफ से 215 मिलियन (21.5 करोड़) की संपत्ति साल 2015 में मिली थी। इतना ही नहीं साल 2013 और 2014 में भी उन्हें अपने बेटे से 197.5 मिलियन (19.75 करोड़) और 239 मिलियन (23.9 करोड़) प्राप्त हुए। नवाज शरीफ पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में मौजूद चुनिंदा अरबपतियों में से एक हैं।
टोएडा और मर्सडीज़ भी:
नवाज शरीफ के पास अरबों की संपत्ति के अलावा एक टोएटा लैंड क्रूज़र, जो उन्हें किसी ने भेंट स्वरुप दी थी। इसके अलावा उनके पास दो मसर्डीज़ कार भी हैं। जिस घर में वो रहते हैं वो उनकी मां के नाम दर्ज है।
विदेशों में खाते और एग्रीकल्चर लैंड:
नवाज शरीफ के काफी सारे विदेशी और स्थानीय मुद्रा खाते हैं। उनके पास पट्टे पर काफी सारी खेती योग्य जमीनें है। साथ ही उन्होंने काफी सारे उद्योग धंधों में निवेश कर रखा है, जैसे कि चीनी, कपड़ा और पेपर मिल। उन्होंने पहली बार खुलासा किया है कि उनके पास 20 लाख की कीमत के पशु पक्षी भी हैं।
पत्नी के नाम क्या क्या:
नवाज शरीफ की पत्नी कुलसुम नवाज के पास चंगा गली और एबटाबाद में घर और जमीन है। जिसकी कीमत करीब 80 मिलियन (8 करोड़) के आस पास है। इसके साथ ही मरे में उनके पास 100 करोड़ रुपए का बंगला है। फैमिली बिजनेस में भी वो शेयर होल्डर हैं।