लाहौर: पाकिस्तान में भारत की सीमा से लगते एक गांव में बड़ी संख्या में लड़के और लड़कियों के साथ कथित तौर पर एक गिरोह ने बलात्कार किया है। पंजाब के मुख्यमंत्री शाहबाज शरीफ ने इस कांड की जांच के आदेश दिये हैं । पुलिस ने एक गिरोह के 15 संदिग्धों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए हैं और पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के कसूर जिले के गंडा सिंह गांव से उनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया है।
बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कल संदिग्धों के घरों को घेर लिया और उनके घरों को आग लगाने की धमकी देने लगे, जिसके बाद पुलिस ने तीन और प्राथमिकियां दर्ज की। क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी साहेबज़ादा शाहज़ाद सुल्तान ने कहा, हम जल्दी ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे। हमने कुछ सबूत बरामद किए हैं। पूरी तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगी।