नई दिल्ली: ओसामा बिन लादेन की मौत के 4 साल बाद पाकिस्तान का सबसे बड़ा झूठ दुनिया के सामने आया है। ओसामा के पाकिस्तान में होने से जुड़ा खुलासा खुद पाकिस्तान के तत्कालीन रक्षामंत्री चौधरी अहमद मुख्तार ने किया है। एक न्यूज चैनल से बातचीत में चौधरी अहमद ने कबूला कि लादेन के पाकिस्तान में छिपे होने की जानकारी पाकिस्तानी सरकार, सेना और उसकी खुफिया एजेंसियों को कई सालों से थी।
इंटरव्यू में मुख्तार ने आगे कहा कि तत्कालीन राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, उस वक्त के पीएम यूसुफ रजा गिलानी, पाकिस्तानी सेना की कमान संभाल रहे जनरल कियानी और आईएसआई चीफ को ओसामा के एबोटाबाद में छिपे होने की जानकारी थी पर इन्होंने दुनिया के सामने अलकायदा सरगना के बारे में झूठ बोला।
पाकिस्तान अब तक लादेन के अपने देश में छिपे होने और जानकारी से इनकार करते आ रहा है। अमेरिका के सील कमांडो ने लादेन को साल 2011 को 1 और 2 मई के बीच एबोटाबाद में बहुत ही खुफिया अभियान के जरिए घर में घुसकर लादेन को मार गिराया था।
नए खुलासे के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को भी बड़ी कूटनीतिक मदद मिल सकती है। भारत भी कई बार कह चुका है कि पाकिस्तान में भारत के खिलाफ आतंकी शिविर चलाए जा रहे हैं।