इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने रविवार को भारत पर आरोप लगाया कि वह अफगानिस्तान में कुटिल खेल खेल रहा है और अफगान जमीन का इस्तेमाल काबुल के साथ इस्लामाबाद के रिश्ते खराब करने में कर रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नफीस जकरिया ने भारत पर आरोप लगाया कि वह कश्मीर में मानवाधिकार के हालात से अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान भटकाने के लिए नियंत्रण रेखा और कामकाजी सीमा पर तनाव बढ़ा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘भारत अफगानिस्तान में कुटिल खेल खेल रहा है। भारत अफगान जमीन का इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ तथा पाकिस्तान-अफगानिस्तान रिश्तों को खराब करने के लिए भी कर रहा है।’ उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सभी संबंधित मंचों पर इस मुद्दे को लेकर अपनी चिंताएं जताता रहा है। जकारिया ने आरोप लगाया कि भारत नियंत्रण रेखा और कामकाजी सीमा पर तनाव बढ़ा रहा है ताकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान कश्मीर से भटकाया जा सके। उन्होंने कहा कि हमारी स्थिति को और तनावपूर्ण बनाने की कोई इच्छा नहीं है, लेकिन पाकिस्तान सशस्त्र बल बिना उकसावे के किए गए किसी भी उल्लंघन का प्रभावी प्रत्युत्तर देगा।
जकारिया ने कहा, ‘भारत की कलहप्रियता क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के लिए खतरा है। हमने भारत को कोई भी रणनीतिक गलत गणना के प्रति आगाह भी किया है। ऐसा दिखता है कि भारत, पाकिस्तान के साथ संघर्ष चाहता है।’ उन्होंने कहा कि पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद और मानवाधिकार संगठनों से अनुरोध करता है कि वे भारत को कश्मीर में होने वाले मानवाधिकार उल्लंघनों का जवाबदेह ठहराएं। जकरिया ने कहा, ‘हमने कल जिनिवा में मानवाधिकार परिषद् के 35वें सत्र में कश्मीर में मानवाधिकार उल्लंघन का मुद्दा पुरजोर तरीके से उठाया।’